व्यापार
13-May-2026
...


- घरेलू वायदा में सोना 9,900 और चांदी 17,700 रुपए से अधिक महंगी नई दिल्ली (ईएमएस)। केंद्र सरकार ने सोने-चांदी के आयात को हतोत्साहित करने के उद्देश्य से इनके आयात शुल्क को 6 प्रतिशत से बढ़ाकर सीधा 15 प्रतिशत कर दिया है। इस बड़े फैसले के तुरंत बाद बुधवार को घरेलू और अंतरराष्ट्रीय वायदा बाजारों में दोनों कीमती धातुओं के भावों में असाधारण तेजी दर्ज की गई, जिससे निवेशकों और कारोबारियों में हलचल मच गई। केंद्र सरकार द्वारा आयात शुल्क बढ़ाने के निर्णय के कारण बुधवार को कीमती धातुओं के वायदा भाव में रिकॉर्ड तोड़ तेजी देखने को मिली। मल्टी कमोडिटी एक्सचेंज (एमसीएक्स) पर सोने का बेंचमार्क जून कॉन्ट्रैक्ट 1,409 रुपये की मजबूत तेजी के साथ 1,54,851 रुपये प्रति 10 ग्राम पर खुला। खबर लिखे जाने के समय यह कॉन्ट्रैक्ट 9,939 रुपये की भारी उछाल के साथ 1,63,381 रुपये प्रति 10 ग्राम पर कारोबार कर रहा था। दिन के दौरान इसने 1,64,497 रुपये का उच्च स्तर छुआ। चांदी के वायदा भाव में भी जोरदार तेजी देखी गई। एमसीएक्स पर चांदी का बेंचमार्क जुलाई कॉन्ट्रैक्ट 11,162 रुपये की बढ़त के साथ 2,80,229 रुपये प्रति किलोग्राम पर खुला। थोड़ी ही देर में यह 17,777 रुपये की जबरदस्त उछाल के साथ 2,96,839 रुपये प्रति किलोग्राम पर पहुंच गया। इस दौरान चांदी ने 3,01,429 रुपये का दिन का उच्च स्तर छूकर 3 लाख रुपये के आंकड़े को पार किया, जो बाजार में मजबूत सेंटिमेंट को दर्शाता है। अंतरराष्ट्रीय बाजार में भी सोने-चांदी के भावों में तेजी बनी रही। कॉमेक्स पर सोना 15.90 डॉलर बढ़कर 4,702.60 डॉलर प्रति औंस पर कारोबार कर रहा था, जबकि चांदी 1.63 डॉलर की तेजी के साथ 87.22 डॉलर प्रति औंस पर थी। सरकार का यह कदम व्यापार घाटे को कम करने और कीमती धातुओं के अनावश्यक आयात पर लगाम लगाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है। सतीश मोरे/13मई ---