- जिले में शेष किसानों की फार्मर आईडी बनाने का काम जारी, विभिन्न ग्रामों में लगे शिविर 20 मई तक चलेगा विशेष अभियान ग्वालियर ( ईएमएस ) | जिले में कृषि भूमि के मालिक शेष किसानों की फार्मर आईडी बनाने के लिये विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इस कड़ी में बुधवार को ग्राम स्यावरी, उदयपुर, डांग गुठीना, गिरगांव, महरोली, डबका, जेबरा, कुलैथ व जिगसौली सहित जिले के अन्य ग्रामों में विशेष शिविर लगाकर फार्मर रजिस्ट्री का काम किया गया। कलेक्टर श्रीमती रुचिका चौहान ने जिले के सभी राजस्व अधिकारियों को अभियान के माध्यम से शतप्रतिशत किसानों की फार्मर रजिस्ट्री तैयार करने के निर्देश दिए हैं। जिले में यह अभियान 20 मई तक चलेगा। इसके तहत सभी भूधारी किसानों का पंजीयन कर उनकी फार्मर रजिस्ट्री तैयार की जा रही है। साथ ही किसानों की सभी कृषि भूमियों को आईडी से जोड़ा जा रहा है। कलेक्टर श्रीमती रुचिका चौहान ने जिले के सभी एसडीएम एवं तहसीलदारों को यह भी निर्देश दिए हैं कि अनुसूचित जनजाति वर्ग के एफआरए पट्टाधारी किसानों की फार्मर आईडी बनाना भी सुनिश्चित करें। फार्मर रजिस्ट्री के माध्यम से किसानों की भूमि संबंधी जानकारी एकीकृत रूप से उपलब्ध रहेगी। इससे शासन की विभिन्न योजनाओं एवं सुविधाओं का लाभ किसानों तक आसानी से पहुंच सकेगा। अधिकारियों को निर्देश दिए गए हैं कि अभियान की प्रतिदिन मॉनीटरिंग की जाए। फार्मर रजिस्ट्री पोर्टल एवं एमपीएफआर पोर्टल पर उपलब्ध रिपोर्टों के आधार पर प्रगति की समीक्षा होगी।