- शिवपुरी की सड़कों से हटा अतिक्रमण, मंडी में दिखी नई व्यवस्था शिवपुरी ( ईएमएस ) | कलेक्टर एवं जिला मजिस्ट्रेट अर्पित वर्मा के निर्देशानुसार नगर पालिका सीएमओ इशांक धाकड़ द्वारा चलाए जा रहे विशेष स्वच्छता एवं अतिक्रमण हटाओ अभियान के तहत सुभाष पार्क मंडी से लेकर कोर्ट रोड तक प्रशासन का सख्त तेवर दिखाई दिया।सुभाष पार्क मंडी में दिखा बदलाव, नियम तोड़ने वालों पर सख्ती जब नगर पालिका की टीम सुभाष पार्क सब्जी मंडी और वार्ड क्रमांक 22 पहुंची, तो वहां व्यवस्थाएं पहले से बेहतर मिलीं। पूर्व में दी गई चेतावनी का असर यह रहा कि अधिकांश ठेला संचालकों ने अपनी हद में रहकर व्यापार शुरू कर दिया है। हालांकि, निरीक्षण के दौरान जहां भी गंदगी या खुले डस्टबिन मिले, टीम ने उन्हें तत्काल जप्त कर लिया। सीएमओ ने स्पष्ट किया कि कचरा सड़क पर फेंकना अब बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।नालियों की सफाई और मौके पर खुलवाई दुकानेंस्वच्छता अभियान के दौरान टीम ने न केवल अतिक्रमण हटाया, बल्कि नालियों की विशेष सफाई भी सुनिश्चित कराई। इस दौरान कुछ दुकानें बंद पाई गईं, जिन्हें मौके पर ही संचालकों को बुलवाकर खुलवाया गया। दुकानदारों को कड़े शब्दों में हिदायत दी गई कि वे स्वच्छता नियमों का पालन करें, अन्यथा चालानी कार्रवाई के लिए तैयार रहें।अवैध निर्माणों पर नगर पालिका की कार्यवाहीअभियान के दौरान उन पक्के अतिक्रमणों को भी ध्वस्त किया गया जो लंबे समय से यातायात में बाधक बन रहे थे। कई व्यापारियों को अंतिम चेतावनी दी गई है कि वे स्वयं अपना अतिक्रमण हटा लें, वरना नगर पालिका कार्रवाई कर सामग्री जप्त करने की प्रक्रिया शुरू करेगी।कोर्ट रोड पर अनुशासन का पाठसुभाष पार्क के बाद टीम कोर्ट रोड फल-सब्जी मंडी पहुंची। यहाँ अव्यवस्थित तरीके से खड़े ठेलों को लाइन में लगवाया गया। व्यापारियों को चेतावनी दी गई कि यदि कल से सड़क पर एक भी टोकरी या ठेला सीमा से बाहर मिला, तो जब्ती की जिम्मेदारी उनकी स्वयं की होगी।सीएमओ की अपील: शिवपुरी को स्वच्छ बनाना सामूहिक जिम्मेदारीनगर पालिका सीएमओ इशांक धाकड़ ने कहा कि हमारा उद्देश्य व्यापारियों को परेशान करना नहीं, बल्कि शहर में स्थायी सुधार लाना है। उन्होंने नागरिकों और व्यापारियों से अपील की है कि वे स्वच्छ शिवपुरी, स्वस्थ शिवपुरी के संकल्प में सहभागी बनें। उन्होंने साफ किया कि नियमों का पालन करने वालों को पूरा सहयोग मिलेगा, लेकिन बार-बार नियम तोड़ने वालों के खिलाफ प्रशासन अब और अधिक कठोर कदम उठाएगा।