- इंडस्ट्रियल स्टेट के उद्योग बंधु देंगे नगर निगम का यूजर चार्ज अलीगढ़ (ईएमएस)। नगर आयुक्त प्रेम प्रकाश मीणा ने वार्ड-54 स्थित इंडस्ट्रियल एस्टेट क्षेत्र का निरीक्षण कर उद्योग बंधुओं की समस्याओं का मौके पर संज्ञान लिया। निरीक्षण के दौरान नगर आयुक्त ने जल निकासी नालों की सफाई स्ट्रीट लाइट व्यवस्था तथा अवैध अतिक्रमण संबंधी समस्याओं का जायजा लेते हुए संबंधित अधिकारियों को त्वरित कार्रवाई के निर्देश दिए साथ मौके पर मौजूद उद्योग बंधुओं ने नगर निगम के यूजर चार्ज को ससमय देने की सहमति नगर आयुक्त को दी। निरीक्षण के दौरान उद्योग बंधुओं ने नगर आयुक्त को क्षेत्र में लंबे समय से व्याप्त जलभराव, नालों की सफाई और स्ट्रीट लाइट खराब होने की समस्या से अवगत कराया। समस्याओं को गंभीरता से लेते हुए नगर आयुक्त ने निर्देश दिए कि अगले दो दिनों के अंदर इंडस्ट्रियल एस्टेट की सभी स्ट्रीट लाइटों को सुचारु रूप से चालू कर उन्हें ऑटोमेशन प्रणाली से इंटीग्रेट किया जाए जिससे नियमित मॉनिटरिंग सुनिश्चित हो सके। नगर आयुक्त ने प्रभारी नगर स्वास्थ्य अधिकारी को निर्देशित करते हुए कहा कि इंडस्ट्रियल एस्टेट में विशेष नाला सफाई अभियान आगामी सात दिनों तक लगातार चलाया जाए ताकि जल निकासी व्यवस्था बेहतर हो सके और उद्योग क्षेत्र में जलभराव की समस्या समाप्त की जा सके। जल निकासी व्यवस्था को प्रभावी बनाने के उद्देश्य से इंडस्ट्रियल एस्टेट की ड्रेनेज सिस्टम की मैपिंग कराते हुए पीछे की ओर से आ रहे नाले के निर्माण के साथ अन्य आवश्यक निर्माण को नगर आयुक्त ने निर्माण विभाग को तत्काल इंडस्ट्रियल एस्टेट का विस्तृत सर्वे करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि छोटे एवं बड़े नालों तथा नालियों के निर्माण एवं सुधार हेतु प्रस्ताव तैयार कर प्राथमिकता के आधार पर कार्यवाही सुनिश्चित की जाए। नगर आयुक्त प्रेम प्रकाश मीणा ने कहा कि नगर निगम शहर के औद्योगिक क्षेत्रों की मूलभूत सुविधाओं को बेहतर बनाने के लिए पूरी गंभीरता से कार्य कर रहा है। इंडस्ट्रियल एस्टेट शहर की आर्थिक गतिविधियों का महत्वपूर्ण केंद्र है। यहां जल निकासी, साफ-सफाई और प्रकाश व्यवस्था को बेहतर बनाना नगर निगम की प्राथमिकता है। उद्योग बंधुओं की समस्याओं का त्वरित समाधान कराया जाएगा। ईएमएस / 13/05/2026