क्षेत्रीय
13-May-2026
...


- इंदौर जीआरपी ने लौटाया जेवरों से भरा बैग; जबलपुर और ग्वालियर में शातिर चोर गिरोह का पर्दाफाश :: इंदौर (ईएमएस)। मध्यप्रदेश रेलवे पुलिस (जीआरपी) यात्रियों की सुरक्षा और उनके सामान के संरक्षण को लेकर पूरी तरह मुस्तैद नजर आ रही है। बीते दो सप्ताह के भीतर जीआरपी इंदौर, जबलपुर और ग्वालियर ने संयुक्त रूप से प्रभावी कार्रवाई करते हुए चोरी की घटनाओं का खुलासा किया और 21 लाख रुपये से अधिक की संपत्ति जब्त की है। पुलिस की इस सक्रियता से न केवल अपराधियों पर नकेल कसी है, बल्कि रेल यात्रियों में सुरक्षा का भाव भी सुदृढ़ हुआ है। :: इंदौर जीआरपी : चंद घंटों में लौटाया 8 लाख का सामान :: इंदौर जीआरपी ने ईमानदारी और तत्परता की एक मिसाल पेश की है। ट्रेन में एक यात्री का बैग छूट गया था, जिसमें लगभग 8 लाख 50 हजार रुपये मूल्य के जेवर रखे थे। जीआरपी की टीम ने संवेदनशीलता दिखाते हुए कुछ ही घंटों में बैग को सुरक्षित खोज निकाला और यात्री के सुपुर्द कर दिया। इसके अलावा, रेलवे स्टेशन से चोरी हुए एक ट्रॉली बैग के मामले में पुलिस ने 24 घंटे के भीतर आरोपी को दबोच लिया। उसके पास से 2 लाख 82 हजार रुपये का माल बरामद किया गया है। :: जबलपुर जीआरपी : शातिर महिला चोर सहित आरोपी गिरफ्तार :: जबलपुर जीआरपी ने चेकिंग अभियान के दौरान एक शातिर बदमाश को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से मंगलसूत्र, चेन और लॉकेट सहित करीब 2 लाख 85 हजार रुपये के आभूषण जब्त किए। एक अन्य कार्रवाई में भीड़ का फायदा उठाकर यात्रियों का सामान पार करने वाली एक महिला चोर को भी पकड़ा गया है। जबलपुर टीम की इन कार्रवाइयों से रनिंग ट्रेनों में होने वाली चोरी की वारदातों पर अंकुश लगने की उम्मीद है। :: ग्वालियर जीआरपी : गिरोह का पर्दाफाश, 7 लाख की जब्ती :: ग्वालियर में जीआरपी ने तकनीकी विश्लेषण और मुखबिरों की सूचना पर बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस ने ट्रेनों में सक्रिय एक शातिर गिरोह को घेराबंदी कर पकड़ा। आरोपियों के पास से सोने-चांदी के जेवर और नकदी सहित कुल 7 लाख 30 हजार रुपये की संपत्ति बरामद की गई है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि यात्रियों के विश्वास को कायम रखने के लिए विशेष चेकिंग अभियान और संदिग्धों की निगरानी लगातार जारी रहेगी। प्रकाश/13 मई 2026