क्षेत्रीय
13-May-2026
...


- दावा-आपत्ति प्रक्रिया एवं मतदाता सूची निरीक्षण संबंधी कार्यों की दी गई विस्तृत जानकारी कटनी (ईएमएस) । मध्यप्रदेश नगरपालिका निर्वाचन नियम, 1994 के नियम 3 एवं 8 के अनुक्रम में तथा मध्यप्रदेश राज्य निर्वाचन आयोग एवं जिला निर्वाचन अधिकारी (स्थानीय निर्वाचन) कटनी के निर्देशानुसार नगर पालिक निगम कटनी की फोटोयुक्त मतदाता सूची के वार्षिक पुनरीक्षण कार्य के लिए नियुक्त प्राधिकृत अधिकारियों का प्रशिक्षण बुधवार को नगर निगम कटनी के मेयर इन काउंसिल सभाकक्ष में संपन्न हुआ। यह प्रशिक्षण मास्टर ट्रेनर राकेश कुमार बारी एवं राम भुवन अग्निहोत्री द्वारा प्रदान किया गया। इस दौरान सहायक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी आकाश नीरज सहित नगर निगम के निर्वाचन शाखा प्रभारी जागेश्वर पाठक मौजूद रहे। प्रशिक्षण कार्यक्रम में अधिकारियों एवं कर्मचारियों को दिनांक 01.01.2026 के आधार पर तैयार प्रारूप मतदाता सूची के निरीक्षण, दावा एवं आपत्तियां प्राप्त करने तथा संबंधित प्रपत्र उपलब्ध कराने संबंधी प्रक्रियाओं की विस्तृत जानकारी प्रदान की गई। साथ ही मतदाताओं को फार्म भरने में आवश्यक मार्गदर्शन देने एवं प्राप्त दावों तथा आपत्तियों को निर्धारित प्रतिवेदन सहित संबंधित अधिकारियों तक समयबद्ध रूप से प्रेषित करने के संबंध में आवश्यक निर्देश दिए जाकर उनकी शंकाओं का समाधान किया गया। प्रशिक्षण के दौरान बताया गया कि नगर पालिक निगम कटनी क्षेत्र में मतदाता सूची का वार्षिक पुनरीक्षण कार्यक्रम 15 मई 2026 से 25 मई 2026 तक संचालित किया जाएगा। इस अवधि में नियुक्त प्राधिकृत अधिकारी आम नागरिकों को मतदाता सूची का निरीक्षण कराने, दावा एवं आपत्तियां प्राप्त करने तथा घर घर जाकर मतदाताओं के सत्यापन का कार्य करने, मृतकों, डुप्लीकेट अथवा स्थानांतरित मतदाताओं के नाम सूची से हटाने तथा नाम संशोधन की कार्यवाही करते हुए मतदाता सूची का कार्य सुचारू एवं पारदर्शी ढंग से संपादित कराने का कार्य करेंगे। प्रशिक्षण के दौरान अधिकारियों को निर्वाचन संबंधी कार्यों को निष्पक्षता, पारदर्शिता एवं निर्धारित दिशानिर्देशों के अनुरूप संपादित करने के निर्देश भी दिए गए, ताकि मतदाता सूची पुनरीक्षण कार्य सफलतापूर्वक संपन्न हो सके।