राष्ट्रीय
13-May-2026


अहमदाबाद (ईएमएस)| गुजरात सहकारी दुग्ध विपणन महासंघ (जीसीएमएमएफ) द्वारा अमूल ब्रांड के तहत बेचे जाने वाले दूध के दामों में एक बार फिर वृद्धि की गई है। फेडरेशन ने विभिन्न दूध उत्पादों की कीमतों में प्रति लीटर रु. 2 तक का इजाफा करने की घोषणा की है। नए दाम 14 मई 2026 से पूरे देश में लागू होंगे। नई दरों के अनुसार, अमूल ताज़ा के 1 लीटर पैक की कीमत में रु. 2 की बढ़ोतरी की गई है, जबकि अमूल गोल्ड के 500 मिली पैक पर रु. 1 अधिक चुकाने होंगे। कंपनी के अनुसार यह बढ़ोतरी अधिकतम खुदरा मूल्य (एमआरपी) में लगभग 2.5 से 3.5 प्रतिशत की वृद्धि को दर्शाती है, जो औसत खाद्य महंगाई दर से कम है। फेडरेशन ने स्पष्ट किया कि मई 2025 के बाद पहली बार दूध के दाम बढ़ाए गए हैं। पिछले एक वर्ष के दौरान पशु आहार, दूध पैकेजिंग फिल्म और ईंधन की लागत में लगातार बढ़ोतरी हुई है, जिसके कारण दूध उत्पादन का खर्च काफी बढ़ गया है। इसी बढ़ती लागत का असर अब उपभोक्ताओं पर भी दिखाई देगा। कंपनी ने यह भी बताया कि देशभर के लगभग 36 लाख दुग्ध उत्पादक किसानों के हितों को ध्यान में रखते हुए यह फैसला लिया गया है। फेडरेशन से जुड़े सभी सदस्य संघों ने पिछले एक वर्ष में किसानों को दिए जाने वाले दूध खरीद मूल्य में लगभग ₹30 प्रति किलो फैट यानी करीब 3.7 प्रतिशत की वृद्धि की है। अमूल का कहना है कि दूध की कीमतों में किया गया यह संशोधन किसानों को बेहतर भुगतान सुनिश्चित करने और दुग्ध उत्पादन को स्थिर बनाए रखने के लिए आवश्यक था। हालांकि, बढ़ती महंगाई के बीच आम उपभोक्ताओं की रसोई पर इसका अतिरिक्त बोझ पड़ना तय माना जा रहा है। विशेषज्ञों का मानना है कि आने वाले समय में यदि पशु आहार और ईंधन की लागत में और वृद्धि होती है, तो डेयरी उत्पादों की कीमतों में आगे भी बदलाव देखने को मिल सकता है। फिलहाल उपभोक्ताओं को 14 मई से अमूल दूध खरीदने के लिए पहले से अधिक कीमत चुकानी होगी। सतीश/13 मई