राष्ट्रीय
13-May-2026


शिमला,(ईएमएस)। हिमाचल प्रदेश के कुल्लू जिले के बंजार में पंजाब से आए पर्यटकों द्वारा कथित तौर पर तलवारें लहराने और लोगों पर हमला करने का मामला सामने आया है। इस घटना में दो स्थानीय नागरिक गंभीर रूप से घायल हो गए, जिसमें से एक का हाथ और दूसरे का गाल तलवार से कट गया। वारदात के बाद इलाके में तनाव फैल गया और पुलिस की कार्रवाई पर भी गंभीर सवाल उठे हैं। यह वारदात 10 मई की शाम को तब हुई जब पंजाब के लुधियाना जिले के खन्ना क्षेत्र से आए चार पर्यटक, मंदीप सिंह, प्रदीप सिंह, जश्नप्रीत और प्रीतपाल की गाड़ी से एक व्यक्ति को टक्कर लग गई। इस मामूली बात पर शुरू हुई कहासुनी जल्द ही हिंसक झड़प में बदल गई, जब पर्यटकों ने अपनी गाड़ी से तलवारें निकालकर लोगों पर हमला किया। स्थानीय निवासियों ने आरोप लगाया कि ये पर्यटक चिट्टे (नशीले पदार्थ) के नशे में थे। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और चारों आरोपियों को हिरासत में लिया। हालांकि, इसके तुरंत बाद लोगों ने पुलिस पर गंभीर आरोप लगाकर थाने का घेराव किया। उनका कहना था कि पुलिस ने पांच लाख रुपये की रिश्वत लेकर आरोपियों को छोड़ने का प्रयास किया, उनका मेडिकल नहीं करवाया, और नशे में धुत होने के बावजूद उन्हें वीआईपी ट्रीटमेंट दिया था। स्थानीय लोग 11 मई की अलसुबह 4 बजे तक थाने में डटे रहे और पुलिस अधिकारियों के साथ उनकी तीखी बहस जारी रही। कुल्लू के सैंज थाना के जांच अधिकारी किशोरी लाल ने इन आरोपों का खंडन कर बताया कि पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए चारों युवकों को हिरासत में लिया, उनका मेडिकल करवाया और बीएनएस की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया है। पुलिस ने मौके से तलवारें भी बरामद करने का दावा किया और बाद में चारों आरोपियों को जमानती बांड पर रिहा कर दिया। इस घटना से जुड़े कई वीडियो अब सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे हैं, जिनमें तलवारें लिए पर्यटक और उनकी गाड़ी में दिख रहे हथियार सुरक्षा पर गंभीर सवाल खड़े करते हैं। आशीष दुबे / 13 मई 2026