राष्ट्रीय
13-May-2026


टीवीके को समर्थन देना पड़ा भारी चेन्नई (ईएमएस)। तमिलनाडु में विश्वास प्रस्ताव के दौरान सीएम विजय की वोट देने वाले एआईएडीएमके के बागी विधायकों पर पार्टी ने ऐक्शन लेना शुरू कर दिया है। एआईएडीएमके ने सीवी शनमुगम, एसपी वेलुमणि और विजयभास्कर सहित अन्य विधायकों को पार्टी पदों से हटा दिया है। एआईएडीएमके पार्टी के महासचिव एडप्पादी के. पलानीस्वामी ने बताया कि वेलुमणी, षणमुगम और विजयभास्कर समेत कई नेताओं को उनके पार्टी पदों से हटा दिया है। पलानीस्वामी ने नाथम आर विश्वनाथम समेत उन बागी विधायकों पर सख्त कार्रवाई की, जिन्होंने पार्टी के आदेश की अवहेलना करते हुए, विधानसभा में विश्वास प्रस्ताव के दौरान विजय सरकार के पक्ष में मत दिया था। पलानीस्वामी ने इन विधायकों के पदों में बदलाव किया और उनकी जगह नए जिला सचिव नियुक्त किए। 29 एआईएडीएमके नेताओं को, जिनमें 13 मौजूदा विधायक भी शामिल हैं, पार्टी के अलग-अलग पदों से हटा दिया है। आर. कामराज, थंगामणि, के.पी. अनबझगन, बेंजामिन, उदुमलाई राधाकृष्णन, एसाकी सुब्बैया, एम.सी. संपत, के.सी. वीरमणि और एम.आर. विजयभास्कर भी पद से हटाए जाने वालों में शामिल हैं। षणमुगम और वरिष्ठ नेता एस पी वेलुमणि के समर्थन में एकजुट हुए 25 अन्नाद्रमुक विधायकों के क्रॉस-वोटिंग से टीवीके सरकार को 234 सदस्यीय सदन में बहुमत में सुधार हुआ और उसे 144 विधायकों का समर्थन मिल गया। एआईएडीएमके के प्रति निष्ठा रखने वाले अन्य 21 विधायकों ने सरकार के खिलाफ वोट किया। ईएमएस/13/06/2026