राष्ट्रीय
13-May-2026


नई दिल्ली(ईएमएस)। केरलम में मुख्यमंत्री बनाने के लिए कांग्रेस आलाकमान बैठकें और बातचीत लगातार कर रहा है। सरकार बनाने का मौका मिलने के बाद भी कांग्रेस नेतृत्व अब तक फैसला नहीं ले पाया है। हालांकि, जयराम रमेश इस मुद्दे पर कह रहे हैं कि गुरुवार को सीएम के नाम की घोषणा कर दी जाएगी। मुख्यमंत्री पद की रेस में कांग्रेस महासचिव (संगठन) केसी वेणुगोपाल शुरू से ही सबसे आगे बताए जा रहे हैं, जबकि वीडी सतीशन उनके रास्ते में बड़ी चुनौती बने हुए हैं। एक छोर पर केरल में कांग्रेस के सीनियर नेता रमेश चेन्नीथला भी डटे हुए हैं। कुछ मसले ऐसे होते हैं जिनमें फैसला लेना मुश्किल होता है। केरल में मुख्यमंत्री चुने जाने के मामले में भी ऐसा ही लगता है। मामला पसंद-नापसंद का अपनी जगह है, स्थानीय समीकरणों में उसे फिट करने का चैलेंज अलग से है। वीडी सतीशन को मुख्यमंत्री बनाए जाने को लेकर केरल में प्रदर्शन हो रहे हैं, जिस पर राहुल गांधी और मल्लिकार्जुन खड़गे कड़ी नाराजगी जता चुके हैं - लेकिन, अब वायनाड में जो धमकी भरे पोस्टर देखे गए हैं, हालात की गंभीरता की तरफ इशारा कर रहे हैं। मुख्यमंत्री उम्मीदवार को लेकर केरलम में विधायकों की राय जानने के लिए सीनियर नेताओं अजय माकन और मुकुल वासनिक को पर्यवेक्षक बनाकर भेजा गया था। उसके बाद कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने अपने यहां एक महत्वपूर्ण मीटिंग बुलाई थी। मीटिंग में राहुल गांधी के साथ-साथ केसी वेणुगोपाल और वीडी सतीशन भी शामिल हुए थे। जब बात उस मीटिंग में भी नहीं बन पाई, तो केरल से पूर्व प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष वीएम सुधीरन, मुल्लापल्ली रामचंद्रन, के मुरलीधरन, के सुधाकरन और एमएम हसन जैसे नेताओं को भी दिल्ली बुलाया गया। कार्यकारी अध्यक्ष पीसी विष्णुनाथ, शफी परम्बिल, एपी अनिल कुमार और तिरुवंचूर राधाकृष्णन को भी दिल्ली पहुंचने का फरमान भेजा गया। मंथन जारी है। ईएमएस/ 13 मई, 2026