मनोरंजन
14-May-2026
...


मुंबई (ईएमएस)। वेब सीरीज इंस्पेक्टर अविनाश के नए सीजन में पूनम मिश्रा के दमदार किरदार में बॉलीवुड अभिनेत्री उर्वशी रौतेला पुन: वापसी कर रही हैं। उर्वशी ने अपने किरदार और अभिनय के दृष्टिकोण को लेकर कुछ बातें साझा कीं। उन्होंने बताया कि उनकी सार्वजनिक छवि हमेशा ग्लैमर और बाहरी सुंदरता से जुड़ी रही है, लेकिन इंस्पेक्टर अविनाश जैसे प्रोजेक्ट्स में दिखावे और चमक-धमक से कहीं अधिक सच्ची और आंतरिक भावनाओं की जरूरत होती है। मीडिया से चर्चा में उर्वशी ने खुलासा किया कि एक कलाकार के रूप में वास्तविक रूप से आगे बढ़ने और अपने काम को निखारने के लिए परफॉर्मेंस वैनिटी यानी हर फ्रेम में एकदम परफेक्ट और खूबसूरत दिखने की सोच को त्यागना बेहद आवश्यक होता है। उन्होंने स्पष्ट किया, लोग अक्सर मुझसे हर फ्रेम, हर अभिव्यक्ति और हर पल में परफेक्शन की उम्मीद करते हैं, क्योंकि मेरी छवि वर्षों से ग्लैमरस रही है। लेकिन इंस्पेक्टर अविनाश जैसे गंभीर और यथार्थवादी प्रोजेक्ट विजुअल परफेक्शन से ज्यादा भावनात्मक ईमानदारी और सच्चाई की मांग करते हैं। अभिनेत्री ने बताया कि पूनम मिश्रा के इस किरदार को निभाने के लिए, उन्होंने खुद को वर्तमान क्षण में अधिक प्रेजेंट रखने पर ध्यान केंद्रित किया। उर्वशी ने कहा, असल जिंदगी में जब लोग किसी मुश्किल या दर्दनाक हालात से गुजर रहे होते हैं, तो वे यह नहीं सोचते कि वे कैसे दिख रहे हैं। वे केवल उस स्थिति पर प्रतिक्रिया दे रहे होते हैं, उन हालातों से जूझ रहे होते हैं, और अपनी भावनाओं को गहराई से महसूस कर रहे होते हैं। एक अभिनेता के तौर पर इस सच्चाई को समझना और उसे अपनी प्रस्तुति में उतारना मेरे लिए बेहद महत्वपूर्ण था। उर्वशी ने यह भी बताया कि संयमित अभिनय, यानी कम शब्दों, शांत शारीरिक भाषा और नियंत्रित भावों के जरिए गहरी भावनाएं व्यक्त करना, अक्सर अधिक नाटकीय अभिनय से कहीं ज्यादा मुश्किल होता है। उन्होंने कहा, मौन, स्थिरता और नियंत्रित भावनाएं दिखाने के लिए एक अलग तरह के आत्मविश्वास और आंतरिक शक्ति की आवश्यकता होती है। कई बार, अपनी भावनाओं को कम करके या दबी हुई स्थिति में सच दिखाना, अति-नाटकीय प्रदर्शन से भी अधिक चुनौतीपूर्ण होता है और उसका प्रभाव भी गहरा होता है। उर्वशी ने अपनी बात समाप्त करते हुए कहा कि, एक कलाकार के तौर पर, यह उनके लिए यकीनन आजादी देने वाला अनुभव था, क्योंकि इसने मुझे हर पल अपनी छवि बनाए रखने के दबाव के बिना, अपनी भावनाओं को पूरी सच्चाई और ईमानदारी से दिखाने का मौका दिया। यह उनके अभिनय करियर में एक महत्वपूर्ण मोड़ साबित हो रहा है, जहां वे अपनी ग्लैमरस छवि से हटकर, अधिक गंभीर और संवेदनशील किरदारों में अपनी अभिनय क्षमता का प्रदर्शन कर रही हैं। बता दें कि इंस्पेक्टर अविनाश पहली बार साल 2023 में रिलीज हुई थी और इसे दर्शकों से खूब सराहना मिली थी। इस सीरीज में रणदीप हुड्डा मुख्य भूमिका में हैं। सुदामा/ईएमएस 14 मई 2026