राज्य
14-May-2026
...


कोरबा (ईएमएस) कोरबा-पश्चिम क्षेत्र बांकीमोंगरा पुलिस ने शासकीय संपत्ति की चोरी के एक बड़े मामले को सुलझाते हुए दो शातिर अपराधियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस के मुताबिक कथित आरोपियों ने निर्माणाधीन रेलवे लाइन से 42 लाख 41 हजार रुपये मूल्य के 102 विद्युत खंभों की चोरी की थी। पकड़े गए कथित आरोपियों में क्षेत्र का कुख्यात निगरानी और उसका शामिल हैं। जानकारी के अनुसार छुराकछार से सेन्दुरगढ़ पसान तक बन रही नई रेलवे लाइन के लिए ‘आर एस इन्फ्रा प्रोजेक्ट’ कंपनी द्वारा विद्युत पोल लगाने का काम किया जा रहा था। बांकीमोंगरा 04 नंबर बायपास रोड के पास डंप किए गए 251 खंभों में से 102 खंभे गायब पाए गए। कंपनी के प्रतिनिधि ने 17 फरवरी 2026 को इसकी लिखित शिकायत दर्ज कराई थी। पुलिस की विवेचना में यह बात सामने आई कि कथित आरोपियों ने चोरी की इस बड़ी वारदात को अंजाम देने के लिए एक ट्रक किराए पर लिया था। कथित आरोपियों ने वाहन चालक के साथ मिलकर गैस कटर की मदद से भारी-भरकम रेलवे खंभों को टुकड़ों में काटा और उसे ट्रक में लादकर फरार हो गए। विवेचना के दौरान पुलिस को जानकारी मिली कि जांजगीर-चांपा जिले के अकलतरा में एक ट्रक को संदिग्ध अवस्था में जब्त किया गया है। जब पुलिस ने ट्रक मालिक से पूछताछ की, तो दो संदिग्धो का नाम सामने आया। पुलिस ने घेराबंदी कर दोनों को पाली से गिरफ्तार किया। उनकी निशानदेही पर घटना में प्रयुक्त गैस सिलेंडर और कटर भी बरामद कर लिया गया है। पुलिस के अनुसार मुख्य आरोपी बांकीमोंगरा थाने का निगरानी बदमाश है और उस पर विभिन्न थानों में 3 दर्जन से अधिक आपराधिक मामले दर्ज हैं। पिछले साल वह अवैध कट्टा रखने और फायरिंग के मामले में भी जेल जा चुका है। क्षेत्र में उसके नाम की काफी दहशत थी। पुलिस अधीक्षक सिद्धार्थ तिवारी और नगर पुलिस अधीक्षक विमल पाठक के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी चमन सिन्हा और एएसआई चन्द्रशेखर वैष्णव की टीम ने इस मामले में तत्परता दिखाई। पुलिस ने 140 टुकड़े रेलवे खंभा, गैस कटर, सिलेंडर और ट्रक को जब्त किया गया हैं। न्यायालय में पेशी के बाद दोनों को धारा 303 (2) बीएनएस के तहत मामला दर्जकर उपजेल कटघोरा भेज दिया गया है। 14 मई / मित्तल