राष्ट्रीय
14-May-2026
...


नई दिल्ली (ईएमएस)। गर्मी और बारिश के मौस में खेतों, घरों के आसपास या पानी भरे इलाकों में कई बार लोग अनजाने में सांप के संपर्क में आ जाते हैं, जिससे सांप काटने की घटनाएं होती हैं। सर्पदंश एक गंभीर मेडिकल इमरजेंसी है और इसमें थोड़ी सी लापरवाही भी जानलेवा साबित हो सकती है। ऐसे मामलों में घबराने या घरेलू नुस्खों पर भरोसा करने के बजाय तुरंत सही कदम उठाना बेहद जरूरी होता है। नेशनल हेल्थ मिशन के मुताबिक देश में हर साल बड़ी संख्या में लोग सांप के काटने का शिकार होते हैं। कई बार लोग डर, भ्रम या झाड़-फूंक जैसी परंपराओं के कारण समय पर इलाज नहीं करा पाते, जिससे मरीज की हालत गंभीर हो जाती है। विशेषज्ञों का कहना है कि अगर समय पर सही इलाज मिल जाए तो ज्यादातर मामलों में मरीज की जान बचाई जा सकती है। स्वास्थ्य विभाग ने सलाह दी है कि सांप काटने के बाद सबसे पहले घाव को साफ पानी से धोना चाहिए। इसके साथ ही मरीज के शरीर से अंगूठी, कड़ा, जूता या कोई भी टाइट कपड़ा तुरंत हटा देना चाहिए, क्योंकि जहर के असर से शरीर में सूजन बढ़ सकती है। मरीज को शांत रखना और ज्यादा हिलने-डुलने से बचाना भी बेहद जरूरी है, क्योंकि शरीर की गतिविधि बढ़ने से जहर तेजी से फैल सकता है। इसके बाद बिना समय गंवाए मरीज को नजदीकी सरकारी अस्पताल पहुंचाना चाहिए, जहां एंटी-वेनम सीरम और जरूरी चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध होती हैं। विशेषज्ञों ने यह भी स्पष्ट किया है कि सांप काटने पर घाव पर चीरा लगाना बेहद खतरनाक हो सकता है। कई लोग जहर निकालने के लिए घाव को काटने या मुंह से जहर चूसने की कोशिश करते हैं, लेकिन इससे संक्रमण और गंभीर हो सकता है। इसी तरह घाव पर बहुत कसकर पट्टी बांधना भी नुकसानदायक साबित हो सकता है, क्योंकि इससे रक्त प्रवाह प्रभावित होता है। डॉक्टरों का कहना है कि झाड़-फूंक, टोने-टोटके या देसी इलाज में समय बर्बाद करना मरीज की जान के लिए खतरा बन सकता है। स्वास्थ्य विशेषज्ञों के अनुसार सर्पदंश के बाद सबसे बड़ा खतरा घबराहट और गलत इलाज से पैदा होता है। ऐसे में जरूरी है कि मरीज और उसके आसपास मौजूद लोग संयम बनाए रखें और केवल वैज्ञानिक एवं चिकित्सकीय उपचार पर भरोसा करें। स्वास्थ्य विभाग ने लोगों को सलाह दी है कि सांपों वाले इलाकों में विशेष सावधानी बरतें। रात के समय बाहर निकलते वक्त टॉर्च का इस्तेमाल करें और लंबी घास, झाड़ियों या अंधेरी जगहों में जाने से बचें। डॉक्टरों के अनुसार सर्पदंश के मामलों में हर मिनट महत्वपूर्ण होता है और सही समय पर अस्पताल पहुंचना ही जीवन बचाने की सबसे बड़ी कुंजी है। विशेषज्ञों का कहना है कि यदि कहीं सांप दिखाई दे तो उसे छेड़ने या पकड़ने की कोशिश बिल्कुल न करें। सुरक्षित दूरी बनाकर वहां से हट जाना ही सबसे बेहतर तरीका है। सुदामा/ईएमएस 14 मई 2026