मुम्बई (ईएमएस)। घरेलू शेयर बाजार गुरुवार को तेजी के साथ खुले। बाजार में ये उछाल दुनिया भर से मिले अच्छे संकेतों के साथ ही खरीददारी हावी रहने से आया है। आज सुबह बाजार खुलते ही बेंचमार्क इंडेक्स सेंसेक्स 400 अंक से ज्यादा ऊपर आया जबकि निफ्टी 23,500 के स्तर से ऊपर पहुंच गया। आज सुबह आईटी के शेयरों के अलावा सभी क्षेत्रों में खरीदारी रही। अमेरिका और चीन के बीच जारी बातचीत पर भी निवेशकों की नजरें लगी हैं। सुबह 30 शेयरों वाला बीएसई सेंसेक्स 338 अंक बढ़कर 74,947.12 पर कारोबार कर रहा था जबकि 50 शेयरों वाला एनएसई निफ्टी 118 अंक उछलकर 23,530 पर पहुंच गया। शुरुआती सत्र के दौरान आईटी के अलावा एनएसई के सभी क्षेत्रों में बढ़त रही। सेंसेक्स के सबसे अधिक लाभ वाले शेयरों में अदाणी पोर्ट, ट्रेंट, एनटीपीसी, पावरग्रिड और एशियन पेंट्स शामिल रहे जबकि सबसे अधिक नुकसान वाले शेयरों में एचसीएल टेक, इन्फोसिस, टीसीएस, टेक महिंद्रा और टाइटन रहे। वहीं आज एशियाई बाजारों में मिला-जुला कारोबार हुआ। जापान का निक्केई इंडेक्स करीब 0.47 फीसदी उछला जबकि हांगकांग का हैंग सेंग लगभग 1 फीसदी बढ़ा। चीन का सीएसआई 300 इंडेक्स करीब 0.52 फीसदी गिरावट के साथ कारोबार करता नजर आया। दूसरी ओर अमेरिकी बाजारों में टेक शेयरों में उछाल आया। एसएंडपी 500 इंडेक्स करीब 0.58 फीसदी और नैस्डैक 1.2 फीसदी की तेजी के साथ बंद हुए। वहीं डॉव जोंस में हल्की गिरावट रही। आज कई कंपनियों के परिणाम आयेंगे जिस पर भी बाजार की नजरें हैं। इसमें एचएएल जेएसडब्ल्यू स्टील, वोल्टास, अपोलो टायर्स आदि। ईएमएस 14 मई 2026