मोतिहारी, (ईएमएस)। बिहार के पूर्वी चम्पारण जिले के मोतिहारी में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए अवैध हथियार के साथ पांच अभियुक्तों को गिरफ्तार किया है। छतौनी थाना क्षेत्र में पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि कुछ अपराधी टेम्पू से हथियार लेकर किसी बड़ी आपराधिक घटना को अंजाम देने की तैयारी में बाईपास रोड की ओर आ रहे हैं। सूचना मिलते ही पुलिस ने तत्काल विशेष टीम का गठन कर इलाके में छापेमारी शुरू की। जांच के दौरान पुलिस ने एक टेम्पू को रोककर उसमें सवार तीन संदिग्ध व्यक्तियों को पकड़ा। तलाशी लेने पर उनके पास से एक देशी पिस्टल बरामद की गई। पुलिस पूछताछ में मिले इनपुट के आधार पर टीम ने आगे कार्रवाई करते हुए पकड़ीदयाल मठिया इलाके में छापेमारी की। वहां से दो अन्य अभियुक्तों को गिरफ्तार किया गया। इनके पास से भी एक अन्य देशी पिस्टल बरामद हुई। पुलिस ने इस कार्रवाई में कुल पांच अभियुक्तों को गिरफ्तार किया है। सभी से पूछताछ जारी है और उनके आपराधिक रिकॉर्ड की जांच की जा रही है। पुलिस यह भी पता लगाने में जुटी है कि ये हथियार कहां से लाए गए थे और किस घटना को अंजाम देने की योजना बनाई जा रही थी। पुलिस ने उनके पास से 02 देशी पिस्टल, 05 जिंदा कारतूस, 01 टेम्पू तथा 04 मोबाइल फोन बरामद किया है। फ़िलहाल आगे की क़ानूनी कार्रवाई की जा रही है। संतोष झा- १४ मई/२०२६/ईएमएस