कांकेर(ईएमएस)। शहर की सिटी कोतवाली पुलिस ने नाबालिग लड़की के साथ दुष्कर्म के मामले में आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी ने शादी का झांसा देकर नाबालिग के साथ लगातार शारीरिक शोषण किया। पुलिस ने आरोपी समीर नाग (21) निवासी धनोरा को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। पीड़िता की मां ने कोतवाली थाने में लिखित शिकायत दर्ज कराई। शिकायत में बताया गया कि आरोपी समीर नाग ने उनकी नाबालिग बेटी को शादी का प्रलोभन देकर उसके साथ बार-बार दुष्कर्म किया। आरोपी लंबे समय से लड़की को अपनी बातों में फंसाए रखे हुए था। शिकायत मिलते ही कोतवाली पुलिस ने त्वरित संज्ञान लिया। थाना प्रभारी प्रतीक दादासाहेब बनसोडे के निर्देशन में विशेष टीम गठित की गई। तकनीकी साक्ष्यों और मुखबिर की सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने आरोपी के गृह ग्राम धनोरा में दबिश दी। आरोपी को घेराबंदी कर हिरासत में लिया गया। पूछताछ में समीर नाग ने अपना अपराध कबूल लिया। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ अपराध क्रमांक 157/2026 दर्ज किया है। इसमें भारतीय न्याय संहिता की धारा 64(1), 64(2), 65(1) तथा पॉक्सो एक्ट की धारा 4 एवं 6 के तहत मामला दर्ज किया गया है। आरोपी को कोर्ट में पेश किया गया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया। ईएमएस(राकेश गुप्ता)14 मई 2026