क्षेत्रीय
14-May-2026
...


जशपुर (ईएमएस)। जिले में पुलिस ने नशे के सौदागरों के खिलाफ लगातार की जा रही कार्रवाई में एक और बड़ी सफलता हासिल की है। कांसाबेल थाना अंतर्गत दोकड़ा चौकी क्षेत्र में एक पिकअप वाहन से दो क्विंटल से ज्यादा गांजा बरामद किया गया है। इस गांजे को आम के ट्रे के बीच छिपाकर ओडिशा ले जाया जा रहा था। पुलिस ने एक तस्कर को भी मौके से गिरफ्तार कर लिया है। डीआईजी एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक जशपुर डॉ. लाल उमेद सिंह के नेतृत्व में चलाए जा रहे विशेष अभियान ‘ऑपरेशन आघात’ के तहत यह कार्रवाई की गई। पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि सफेद रंग के पिकअप वाहन से गांजे की तस्करी की जा रही है। सूचना पर तुरंत टीम ने देवरी गांव के पास नाकेबंदी कर दी। तस्कर ने पुलिस की नाकेबंदी देखते ही गाड़ी तेज करके भागने की कोशिश की, लेकिन पुलिस ने बगिया-दोकड़ा मुख्य मार्ग पर उसे सफलतापूर्वक पकड़ लिया। वाहन की सघन तलाशी में आम के ट्रे के बीच छिपाकर रखे गए 207 पैकेट में कुल 207 किलो गांजा बरामद हुआ। गांजे के पैकेटों को टेप से अच्छी तरह लपेटकर छिपाया गया था। बरामद गांजे की कीमत 1 करोड़ 3 लाख 50 हजार रुपये आंकी गई है। पुलिस ने पिकअप वाहन, एक मोबाइल फोन और 550 रुपये नगद भी जब्त कर लिए हैं। गिरफ्तार आरोपी प्रेम नाथ सिंह (36) निवासी विमड़ा गांव, बगीचा थाना क्षेत्र है। पूछताछ में उसने बताया कि उसने यह गांजा ओडिशा के सुंदरगढ़ से लाया था। इसे वह अंबिकापुर ले जा रहा था, जहां से एक अन्य व्यक्ति इसे उत्तर प्रदेश ले जाने वाला था। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ दोकड़ा चौकी में एनडीपीएस एक्ट की धारा 20(बी)(2)(सी) के तहत मामला दर्ज कर लिया है। डीआईजी डॉ. लाल उमेद सिंह ने कहा, “नशे के कारोबार में संलिप्त किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा। हम एंड-टू-एंड जांच कर रहे हैं और सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी। बता दें कि जनवरी 2026 से अब तक जशपुर पुलिस ने 3 करोड़ 24 लाख 55 हजार 550 रुपये कीमत का नशीला पदार्थ बरामद किया है। इस दौरान 744 किलो 227 ग्राम गांजा (08 प्रकरण),1840 नग प्रतिबंधित कफ सिरप,8.04 ग्राम ब्राउन शुगर,90 गांजा के पौधे (14 किलो) जब्त किए गए हैं। कुल 27 तस्करों को गिरफ्तार कर जेल भेजा जा चुका है। साथ ही 8 कार, 1 पिकअप और 1 मोटरसाइकिल समेत 54 लाख रुपये से ज्यादा कीमत के वाहन भी जब्त किए गए हैं। - (ईएमएस) 14 मई 2026