क्षेत्रीय
14-May-2026
...


कांकेर(ईएमएस)। जिले में लोक स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण विभाग द्वारा “सही दवा-शुद्ध आहार-यही छत्तीसगढ़ का आधार” थीम पर 15 दिवसीय विशेष जागरूकता एवं जांच अभियान चलाया गया। खाद्य एवं औषधि प्रशासन की संयुक्त टीम ने जिलेभर में औषधि और खाद्य प्रतिष्ठानों का औचक निरीक्षण कर सघन जांच की। अभिहित अधिकारी सुष्मित देवांगन ने बताया कि अभियान के दौरान स्वास्थ्य एवं सुरक्षा मानकों को लेकर सख्त रुख अपनाया गया। टीम ने 29 थोक एवं खुदरा मेडिकल स्टोर्स, 15 कॉस्मेटिक एजेंसियों तथा 8 शासकीय व निजी अस्पतालों का निरीक्षण किया। इस दौरान अस्पतालों में वैक्सीन भंडारण (स्टोरेज) व्यवस्था की भी जांच की गई। अभियान के तहत तंबाकू नियंत्रण नियमों के पालन पर भी विशेष निगरानी रखी गई। स्कूलों के आसपास संचालित दुकानों, पान ठेलों और होटलों में कोटपा एक्ट की धारा 4 एवं 6 के उल्लंघन पर कार्रवाई करते हुए कुल 5,080 रुपये का जुर्माना वसूला गया। नियमों का पालन नहीं करने वाले 4 संचालकों को कारण बताओ नोटिस जारी किया गया है। खाद्य सुरक्षा के तहत टीम ने 50 से अधिक प्रतिष्ठानों का निरीक्षण किया, जिनमें अस्पताल कैंटीन, फल दुकानें, कोल्ड स्टोरेज, डेयरी यूनिट, मोमोज-गुपचुप, बिरयानी सेंटर, स्वीट्स शॉप और कैफे शामिल रहे। निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने फल विक्रेताओं को चेतावनी दी कि फलों को पकाने के लिए हानिकारक रसायन कैल्शियम कार्बाइड का उपयोग न करें, अन्यथा सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी। इसके अलावा, चाट-गुपचुप, आइसक्रीम और बेकरी संचालकों को स्वच्छता मानकों का पालन करने, दस्ताने और हेड कैप के उपयोग तथा केवल स्वच्छ पेयजल के इस्तेमाल के निर्देश दिए गए। साफ-सफाई में कमी पाए जाने पर 5 फर्मों को तत्काल सुधार के लिए नोटिस जारी किया गया है। प्रशासन ने चेतावनी दी है कि निर्धारित समय में सुधार नहीं होने पर लाइसेंस निलंबन या निरस्तीकरण की कार्रवाई की जाएगी। ईएमएस(राकेश गुप्ता)14 मई 2026