क्षेत्रीय
14-May-2026
...


धमतरी (ईएमएस)। भाजपा सहकारिता प्रकोष्ठ जिला धमतरी की नई कार्यसमिति गठन के बाद जिला भाजपा कार्यालय में एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में संगठन से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर चर्चा करते हुए पदाधिकारियों ने कार्यकर्ताओं को मार्गदर्शन दिया और संगठन की रीति-नीति के अनुसार सक्रिय रूप से कार्य करने की अपील की। बैठक के दौरान प्रदेश सहकारिता प्रकोष्ठ संयोजक प्रवीण दुबे ने सहकारिता के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि यह केवल आर्थिक व्यवस्था नहीं है, बल्कि सामाजिक सहभागिता का सशक्त माध्यम भी है। उन्होंने कहा कि सहकारिता व्यवस्था सामूहिक विकास की दिशा में मजबूत आधार प्रदान करती है। साथ ही उन्होंने यह भी उल्लेख किया कि भाजपा सरकार सहकारिता क्षेत्र को सुदृढ़ और प्रभावी बनाने के लिए निरंतर प्रयासरत है। कार्यक्रम में मौजूद भाजपा प्रदेश प्रवक्ता रंजना साहू ने कहा कि भाजपा संगठन समाज के हर वर्ग को साथ लेकर चलने की विचारधारा पर काम करता है। उन्होंने सहकारिता प्रकोष्ठ को संगठन की एक महत्वपूर्ण इकाई बताते हुए कार्यकर्ताओं से सेवा और समर्पण के भाव के साथ कार्य करने का आह्वान किया। वहीं महापौर रामू रोहरा ने अपने संबोधन में कहा कि सहकारिता व्यवस्था के माध्यम से समाज के अंतिम व्यक्ति तक सरकारी योजनाओं का लाभ पहुंचाया जा सकता है। उन्होंने संगठनात्मक मजबूती पर जोर देते हुए कहा कि मजबूत सहकारिता तंत्र से विकास की गति और अधिक प्रभावी होती है। बैठक में उपस्थित पदाधिकारियों ने संगठन विस्तार, कार्यकर्ताओं की भूमिका और आगामी रणनीतियों पर भी विचार-विमर्श किया। सभी ने एकजुट होकर संगठन को मजबूत करने और सहकारिता आंदोलन को गांव-गांव तक पहुंचाने का संकल्प दोहराया। कार्यक्रम के अंत में कार्यकर्ताओं से संगठनात्मक अनुशासन बनाए रखते हुए जनसंपर्क और सेवा कार्यों को प्राथमिकता देने की अपील की गई। - (ईएमएस) 14 मई 2026