अहमदाबाद,(ईएमएस)। गुजरात के राजकोट-चोटिला नेशनल हाईवे पर देर रात एक दिल दहला देने वाला हादसा हुआ। अहमदाबाद से राजकोट जा रही एक निजी लग्जरी बस और डामर से भरे टैंकर के बीच हुई भीषण टक्कर के बाद वाहनों में आग लग गई। इस हादसे में चार यात्रियों की जिंदा जलकर मौत हो गई, जबकि 10 गंभीर रूप से घायल हैं। यह हादसा चोटिला-राजकोट हाईवे पर संगानी गांव के पास रात करीब 1:30 बजे हुआ। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक टक्कर इतनी जोरदार थी कि डामर के कारण आग ने विकराल रूप धारण कर लिया। रिपोर्ट के मुताबिक अधिकारियों ने पुष्टि की है कि कम से कम दस लोगों को गंभीर रूप से जल गए हैं और उनकी हालत नाजुक है। आपातकालीन बचाव दल ने घायलों को तुरंत अस्पतालों पहुंचाया, जहां मेडिकल टीमें उनकी हालत स्थिर करने के लिए युद्धस्तर पर काम कर रही हैं। पुलिस ने बताया कि सोमवार सुबह को इसी तरह की एक अन्य घटना में गुजरात के आनंद जिले में एक हाईवे पर चार लोगों की मौत हो गई और पांच अन्य घायल हो गए। यह हादसा तब हुआ जब वे जिस टेम्पो में सफर थे, वह एक ट्रक से टकरा गया। टेम्पो सड़क किनारे खड़े एक ट्रक के पिछले हिस्से से जा टकराया। तारापुर पुलिस स्टेशन के इंस्पेक्टर मयूर शर्मा ने बताया कि चार लोगों एक 5 साल का बच्चा, दो महिलाएं और एक पुरुष की मौके पर ही मौत हो गई थी। सिराज/ईएमएस 14मई26