क्षेत्रीय
14-May-2026
...


नई दिल्ली (ईएमएस)। द्वारका विधानसभा क्षेत्र में बुनियादी सुविधाओं के कायाकल्प की तैयारी शुरू हो गई है। लोक निर्माण विभाग , सिंचाई एवं बाढ़ नियंत्रण तथा जल मंत्रालय की जिम्मेदारी संभाल रहे प्रदेश सरकार में कैबिनेट मंत्री प्रवेश वर्मा ने क्षेत्रीय विधायक प्रद्युम्न राजपूत के साथ क्षेत्र का सघन दौरा किया। इस दौरान मंत्री ने जर्जर सड़कों और नालों की स्थिति का जायजा लिया। दौरे के दौरान मंत्री प्रवेश वर्मा ने दशरथपुरी ड्रेन की जर्जर स्थिति और सुरक्षा के अभाव पर अधिकारियों के प्रति कड़ी नाराजगी व्यक्त की। उन्होंने स्पष्ट आदेश दिए कि ड्रेन के जिन हिस्सों पर चारदीवारी नहीं है, वहां तत्काल चारदीवारी बनाई जाए। चारदीवारी के ऊपर लोहे की ग्रिल लगाई जाए, ताकि लोग इसमें कूड़ा या कोई भी अवांछित वस्तु न फेंक सकें। विधायक प्रद्युम्न राजपूत ने मंत्री को क्षेत्र की उन सड़कों की स्थिति दिखाई, जो लंबे समय से मरम्मत की बाट जोह रही हैं। इस पर संज्ञान लेते हुए मंत्री ने नाला रोड, नसीरपुर रोड, डाबरी-पालम रोड और पंखा रोड के नवनिर्माण का कार्य शीघ्र शुरू करने का आदेश दिया। फ्लाईओवर के नीचे खाली पड़ी जमीन के सदुपयोग के लिए मंत्री ने एक नई योजना का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि नांगलराया फ्लाईओवर का पूरी तरह सौंदर्यीकरण किया जाएगा। इसके अलावा फ्लाईओवर के नीचे के हिस्से को पार्किंग स्थल के रूप में विकसित किया जाएगा। इससे स्थानीय दुकानदारों और बाजार आने वाले लोगों को पार्किंग की बड़ी सुविधा मिलेगी और सड़कों पर जाम की समस्या कम होगी। विधायक प्रद्युम्न राजपूत ने कुछ अधिकारियों की कार्यशैली पर सवाल उठाते हुए मंत्री को बताया कि क्षेत्र के लोग उनके काम से संतुष्ट नहीं हैं। मंत्री प्रवेश वर्मा ने मौके पर मौजूद अधिकारियों को चेतावनी देते हुए कहा काम के दौरान न केवल गुणवत्ता का उच्चतम मानक सुनिश्चित किया जाए, बल्कि समयबद्ध तरीके से काम पूरा हो। लापरवाही बरतने वालों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी अजीत झा/देवेन्द्र/नई दिल्ली/ईएमएस/14/ मई/2026