क्षेत्रीय
14-May-2026


मुरैना ( ईएमएस ) चिन्नोनी थाना क्षेत्र में 7 वर्षीय बच्ची की बेरहमी से हत्या कर दी गई। गुरुवार सुबह साढ़े 11 बजे उसका शव गांव से कुछ दूर एक सुनसान इलाके में मिला। बच्ची के दोनों हाथ रस्सी से बंधे हुए थे। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है। शव को पोस्टमॉर्टम के लिए कैलारस अस्पताल भेजा जा रहा है। जानकारी के अनुसार, कैलारस विकासखंड के इटौरा गांव निवासी बलराम जाटव पत्नी और 7 साल की बेटी तनु के साथ बुधवार रात रामलाल के पुरा गांव में एक रिश्तेदारी में भात कार्यक्रम में शामिल होने पहुंचे थे। रात में कार्यक्रम खत्म होने के बाद बलराम अपनी बेटी तनु के साथ सो गए। बलराम के मुताबिक, रात 3 बजे तक वह जाग रहे थे और बेटी उनके पास ही सो रही थी। 3 बजे के बाद उनकी भी आंख लग गई। सुबह करीब 5 बजे जब बलराम की नींद खुली तो देखा कि तनु बिस्तर पर नहीं थी। परिजनों ने तुरंत घबराहट में उसकी तलाश शुरू की। आसपास कहीं पता न चलने पर ग्रामीण और परिजन बस्ती से आगे की तरफ गए। वहां एक सुनसान इलाके में स्थित गुफानुमा गड्ढे में तनु का शव पड़ा मिला। यह देखकर परिजनों के होश उड़ गए, जिसके बाद तुरंत पुलिस को सूचना दी गई। सूचना मिलते ही चिन्नोनी थाना प्रभारी पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे और शव को पी एम के लिए भेजा | पुलिस मर्ग कायम कर परिजनों और ग्रामीणों से पूछताछ कर रही है।