अंतर्राष्ट्रीय
14-May-2026


वाशिंगटन,(ईएमएस)। अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप की अंतरिक्ष में हथियार तैनात करने की योजना पर अगले 20 वर्षों समय में अनुमानित 1.2 लाख करोड़ डॉलर का खर्च आएगा। इस योजना को अमेरिका के लिए गोल्डन डोम मिसाइल रक्षा कार्यक्रम का नाम दिया गया है। कांग्रेस के बजट कार्यालय (सीबीओ) के नए विश्लेषण के अनुसार, यह राशि ट्रंप द्वारा बीते साल बताए गए 175 अरब डॉलर के शुरुआती अनुमान से कहीं अधिक है। एक सीबीओ रिपोर्ट में कहा गया है कि यह विश्लेषण किसी विशिष्ट प्रशासनिक प्रस्ताव के बजाय एक व्यापक दृष्टिकोण को दर्शाता है। ट्रंप ने अपने कार्यकाल के पहले सप्ताह में कार्यकारी आदेश के जरिए आधुनिक प्रणाली को विकसित करने का निर्देश दिया था। उन्होंने तब उम्मीद जाहिर की थी कि यह प्रणाली जनवरी 2029 में उनका कार्यकाल समाप्त होने से पहले पूरी तरह सक्रिय होगी। यह अवधारणा काफी हद तक इजराइल की सुरक्षा प्रणाली आयरन डोम से प्रेरित है, जिसने हालिया संघर्षों में मिसाइल हमलों को रोकने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है। अमेरिका की इस योजना में जमीन और अंतरिक्ष आधारित ऐसी क्षमताएं शामिल करने का लक्ष्य है जो किसी भी संभावित हमले के दौरान मिसाइलों को बीच में ही रोकने और नष्ट करने में सक्षम हों। आशीष दुबे / 14 मई 2026