अंतर्राष्ट्रीय
14-May-2026


कीव,(ईएमएस)। वैश्विक स्तर पर रूस-यूक्रेन युद्ध समाप्त करने के लिए शांति वार्ताओं की चर्चाओं के बीच, रूस ने यूक्रेन पर अब तक का सबसे भीषण हमला किया है। मॉस्को ने करीब 800 ड्रोन दागे, जिसमें कम से कम 6 लोगों की दर्दनाक मौत हुई और दर्जनों घायल हुए। यूक्रेन के राष्ट्रपति वोलोदिमीर ज़ेलेंस्की ने हमले को बीते चार वर्षों में रूस द्वारा किया गया सबसे लंबा और बड़ा हमला बताया है। यह व्यापक हमला सुबह शुरू हुआ और राजधानी कीव, पोलैंड के पास पश्चिमी शहर ल्वीव, काला सागर पर स्थित बंदरगाह शहर ओडेसा सहित कई आबादी वाले इलाकों में घंटों तक होता रहा। जेलेंस्की ने बताया कि रूस का साफ मकसद यूक्रेन की हवाई सुरक्षा प्रणाली पर इतना दबाव डालना है कि वह इन हमलों को संभाल न पाए। उन्होंने चेतावनी दी कि ड्रोन हमलों की बौछार के बाद क्रूज़ और बैलिस्टिक मिसाइल से भी हमला हो सकता है। इस हमले ने पड़ोसी देशों में भी चिंता पैदा कर दी है। हंगरी के प्रधानमंत्री पीटर मैग्यार ने हंगरी की सीमा के पास हुए ड्रोन हमले की कड़ी निंदा कर रूसी राजदूत को तलब किया है। यह कदम उनके पूर्ववर्ती विक्टर ओर्बन के मॉस्को के साथ दोस्ताना संबंधों की तुलना में बड़ा बदलाव है। पीएम मैग्यार ने कहा कि विदेश मंत्री रूसी राजदूत से पूछेंगी कि रूस और पुतिन आखिरकार इस खूनी युद्ध को कब खत्म करने की योजना बना रहे हैं। रिव्ने क्षेत्र में तीन लोगों की मौत की पुष्टि हुई है, जबकि कीव में ड्रोन मलबे से कोई चोट नहीं आई। यह हमला तब हुआ है जब यूक्रेन अपनी हालिया सैन्य सफलताओं से उत्साहित है, और अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड तथा रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन दोनों ने बिना कोई ठोस सबूत दिए युद्ध के जल्द खत्म होने का दावा किया है। ज़ेलेंस्की ने वैश्विक समुदाय से यूक्रेन का समर्थन जारी रखने और रूस के युद्ध पर चुप न रहने का आग्रह किया। आशीष दुबे / 14 मई 2026