- गैस चोरी और ट्रांसफरिंग की आशंका भोपाल(ईएमएस)। राजधानी भोपाल में कलेक्टोरेट के सामने जिला आपूर्ति विभाग ने संदेह होने पर गैस सिलेंडर ले जा रहे वाहन को रोक कर जॉच की। वाहन पर ‘ऑन आर्मी ड्यूटी’ का स्टीकर लगा था। उसमें 9 भरे और 9 खाली सिलेंडर रखे हुए थे। जांच के दौरान एक संदिग्ध वाहन में रखे घरेलू गैस सिलेंडरों में गैस कम पाई गई। आंशका है की यह घरेलू रसोई गैस चोरी का मामला है। मामले में विभाग द्वारा आगे की कार्रवाई की जा रही है। मिली जानकारी के अनुसार कार्यवाही के वाहन चालक देवेंद्र मेवाड़ा ने अधिकारियो को पूछताछ में बताया कि वाहन मिलेट्री स्टेशन गैस एजेंसी का है। सूत्रों के अनुसार जांच के दौरान 9 भरे सिलेंडरों में से सिर्फ 5 सिलेंडरों की पर्चियां ही उपलब्ध मिलीं, जबकि बाकी सिलेंडरों के दस्तावेज नहीं दिखाए जा सके। टीम ने दस्तावेजों की जांच के बाद संदेह होने पर जब सिलेंडरों का वजन कराया तब तौल में कई सिलेंडरों में दो से तीन किलो तक गैस कम निकली। प्राथमिक जांच में गैस चोरी और ट्रांसफरिंग की आशंका जताई जा रही है।अधिकारियों का कहना है कि गैस ट्रांसफरिंग के दौरान थोड़ी सी लापरवाही भी बड़े हादसे का कारण बन सकती है। प्रशासन ने वाहन और सभी सिलेंडर जब्त कर कार्रवाई शुरू कर दी है। पूरे मामले को अब एडीएम कोर्ट में प्रस्तुत किया जाएगा। जुनेद / 14 मई