राज्य
14-May-2026


नई दिल्ली (ईएमएस)। दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने बृहस्पतिवार को कहा कि डॉ. बी. आर. आंबेडकर विश्वविद्यालय, दिल्ली ने न केवल अकादमिक क्षेत्र में उत्कृष्ट प्रदर्शन किया है, बल्कि राष्ट्र निर्माण में भी लगातार योगदान दिया है। सीएम गुप्ता ने विश्वविद्यालय के 14वें वार्षिक दीक्षांत समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत की। दिल्ली के शिक्षा मंत्री आशीष सूद और उपराज्यपाल तरनजीत सिंह संधू भी कार्यक्रम में मौजूद थे। सीएम रेखा गुप्ता ने विद्यार्थियों से कहा, आपने यहां जो कुछ भी सीखा है, वह जीवन के हर चरण में आपकी मदद करेगा क्योंकि कक्षा आपको विषयों के बारे में सिखाती है, लेकिन परिसर आपको जीवन और चुनौतियों से निपटने का तरीका सिखाता है। दिल्ली विश्वविद्यालय में अपने छात्र जीवन को याद करते हुए उन्होंने कहा कि कॉलेज के दौरान की यादें और उस दौरान की मित्रता जीवन भर साथ रहती है। उन्होंने कहा, विश्वविद्यालय के 14वें वार्षिक दीक्षांत समारोह में लगभग 1000 विद्यार्थी डिग्री प्राप्त कर रहे हैं। डॉ. बी. आर. आंबेडकर विश्वविद्यालय की शुरुआत 19 छात्रों से हुई थी और आज इसके चार परिसरों में 6000 विद्यार्थी हैं। स्नातक छात्रों को बधाई देते हुए गुप्ता ने कहा कि उनकी यह उपलब्धि उनके परिवारों के लिए भी गर्व का क्षण है। उन्होंने कहा, मैं आपके परिवार को भी बधाई देती हूं क्योंकि यह एक संयुक्त प्रयास था। जब भी आपको कठिनाई हुई, आपका परिवार आपके साथ खड़ा रहा। अजीत झा/देवेन्द्र/नई दिल्ली/ईएमएस/14/ मई/2026