- प्रबंध संचालक ऋषि गर्ग ने गांव से शहर तक किया जनसंवाद दतिया ( ईएमएस ) | मध्य प्रदेश मध्य क्षेत्र विद्युत वितरण कंपनी लिमिटेड द्वारा संचालित बहुचर्चित “संपर्क अभियान” का भव्य शुभारंभ आज कंपनी के प्रबंध संचालक ऋषि गर्ग द्वारा जिला दतिया के ग्राम पचोखरा में आयोजित प्रथम कैंप से किया गया। दतिया जिले से प्रारंभ हुए इस विशेष अभियान को लेकर ग्रामीण एवं शहरी क्षेत्रों में उत्साह देखा गया। अभियान के शुभारंभ अवसर पर प्रबंध संचालक ने ग्राम पचोखरा में आयोजित कैंप का निरीक्षण करते हुए ग्रामवासियों से सीधे संवाद स्थापित किया तथा विद्युत आपूर्ति संबंधी समस्याओं, सप्लाई की उपलब्धता, लो-वोल्टेज, ट्रांसफार्मर, बिलिंग एवं अन्य तकनीकी कठिनाइयों की जानकारी प्राप्त की। उन्होंने आमजन से कहा कि संपर्क अभियान का उद्देश्य केवल शिकायत प्राप्त करना नहीं, बल्कि उपभोक्ताओं तक पहुंचकर समस्याओं का त्वरित समाधान सुनिश्चित करना है। उन्होंने वर्तमान में संचालित “समाधान योजना” की विस्तृत जानकारी भी ग्रामवासियों को दी गई तथा अधिकाधिक उपभोक्ताओं से योजना का लाभ लेने की अपील की गई। साथ ही राजस्व वसूली, विद्युत सेवाओं की गुणवत्ता एवं उपभोक्ता संतुष्टि को लेकर विभागीय अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश भी प्रदान किए गए। कैंप का प्रमुख आकर्षण स्मार्ट मीटर का लाइव डेमो रहा, जिसकी प्रबंध संचालक द्वारा विशेष सराहना की गई। उन्होंने उपभोक्ताओं को सरल भाषा में समझाया कि स्मार्ट मीटर किस प्रकार कार्य करता है तथा इसके माध्यम से उपभोक्ता अपनी विद्युत खपत की बेहतर मॉनिटरिंग कर सकते हैं। उन्होंने बताया कि दिन के समय विद्युत उपयोग करने वाले स्मार्ट मीटर उपभोक्ताओं को विद्युत दरों में लगभग 20 प्रतिशत तक राहत प्राप्त हो सकती है। प्रबंध संचालक द्वारा दतिया शहर स्थित किला चौक पर आयोजित संपर्क अभियान कैंप का भी निरीक्षण किया गया। इस अवसर पर जनप्रतिनिधि, स्थानीय नागरिक एवं बड़ी संख्या में उपभोक्ता उपस्थित रहे। शहरी कैंप में एक सैकड़ा से अधिक शिकायतों का समाधान किया गया।