अलीगढ़ (ईएमएस)। थाना गंगीरी क्षेत्र में कोड़ियागंज के वांटेज कॉन्वेंट स्कूल की बस गुरूवार को भदरोई पानी की टंकी के पास चालक चलती बस में ब्रेक लगाकर अपने दरवाजे से एक बच्चे को चढ़ा रहा था। एक हाथ में स्टेयरिंग थी और दूसरे से बच्चे को पकड़ रखा था। बच्चे की तरफ पकड़ कमजोर देखते ही ड्राइवर ने दोनों हाथ से बच्चे को बस में ऊपर चढ़ाया, हाथ से स्टेयरिंग छूटते ही बस आगे बढ़ गई और अनियंत्रित होकर एक गड्ढे में पलट गई। थाना गंगीरी क्षेत्र में एक स्कूल बस पलट जाने की सूचना मिली, पुलिस ने मौके पर पहुंचकर घायलों को उपचार के लिए भेज दिया। उच्चाधिकारियों ने घटनास्थल का मौका मुआयना किया तो पता चाला कि वेटेंज स्कूल की एक बस बच्चों को स्कूल लेकर जा रही थी, जो पलट गई है। हादसे में घायल बच्चों को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया । घायल बच्चों की स्थिति खतरे से बाहर है। घटना के कारण की गहनता से जांच की जा रही है। इनका कहना है... एडीएम प्रशासन पंकज कुमार का कहना है कि बस का एक पहिया गोबर के ढेर पर चढ़ जाने के कारण बस पलट गई। बस के सभी कागज देखे गए हैं। इतनी भारी बस और उसमें इतने बच्चों के बाद एक गोबर के ढेर पर चढ़ने से बस पलटने का दावा अजीब लग रहा है। बताया जा रहा है कि बस जिस जगह पर पलटी है, उससे 10 मीटर पहले एक गहरे पानी की पोखर है। जिसमें पहले एक डंपर पलट गया था, जो पूरी तरह से डूब गया था। यह तो गनीमत रही कि बस इस पोखर से 10 मीटर आगे पलटी और बड़ा हादस बच गया। ईएमएस / 14/05/2026