मुंबई (ईएमएस)। भारतीय क्रिकेट बोर्ड (बीसीसीआई) चयन समिति ने अगले माह श्रीलंका में होने वाली एक दिवसीय त्रिकोणीय-सीरीज के लिए गुरुवार को भारत ए टीम घोषित कर दी। इस टीम की कप्तानी बल्लेबाज तिलक वर्मा को सौपी गयी है जबकि 15 साल के उभरते हुए बल्लेबाज वैभव सूर्यवंशी को भी टीम में शामिल किया गया है। रियान पराग को इस टीम का उपकप्तान बनाया गया है। टीम में उभरते और खिलाड़ियों को शामिल किया गया है। इसमें प्रियांश आर्य, आयुष बडोनी, निशांत सिंधु, हर्ष दुबे, सूर्यांश शेडगे, विपराज निगम, यश ठाकुर, युद्धवीर सिंह, अंशुल कंबोज और अरशद खान जैसे खिलाड़ी हैं। प्रभसिमरन सिंह और कुमार कुशाग्र को विकेटकीपर के रूप में टीम में शामिल किया गया है। यह सीरीज मेजबान श्रीलंका ए, भारत ए और अफगानिस्तान ए टीमों के बीच खेली जाएगी। सीरीज के समापन के बाद, भारत ए टीम श्रीलंका ए के खिलाफ दो मल्टी-डे (लाल गेंद) मैच भी खेलेगी, जिसके लिए टीम की घोषणा बाद में की जाएगी। सफेद गेंद के मैच दांबुला में खेले जाएंगे, जबकि मल्टी-डे मैच ऐतिहासिक गाले के मैदान पर होंगे। भारत ए टीम इस प्रकार है: तिलक वर्मा (कप्तान), प्रियांश आर्य, वैभव सूर्यवंशी, रियान पराग (उप-कप्तान), आयुष बडोनी, निशांत सिंधु, हर्ष दुबे, सूर्यांश शेडगे, प्रभसिमरन सिंह (विकेटकीपर), कुमार कुशाग्र (विकेटकीपर), विप्रज निगम, यश ठाकुर, युद्धवीर सिंह, अंशुल कंबोज, अरशद खान। ईएममएस 14मई 2026