जगदलपुर (ईएमएस)। महात्मा गांधी उद्यानिकी एवं वानिकी विश्वविद्यालय से संचालित क्रांतिकारी देबरिधुर उद्यानिकी महाविद्यालय एवं अनुसंधान केंद्र की राष्ट्रीय सेवा योजना (एनएसएस) इकाई ने रक्तदान शिविर का आयोजन किया। कार्यक्रम में 20 से अधिक छात्रों ने इस मौके पर रक्तदान किया। कार्यक्रम आज गुरूवर सुबह 10 बजे से दोपहर 2 बजे तक महाविद्यालय परिसर में आयोजित किया गया। कार्यक्रम का संचालन डॉ. राम कुमार देवांगन किया, जबकि कार्यक्रम की अध्यक्षता महाविद्यालय के अधिष्ठाता डॉ. जीपी. नाग ने की। डॉ. नाग ने कहा कि रक्तदान केवल एक सामाजिक दायित्व नहीं, बल्कि मानवता की सबसे बड़ी सेवा है। शिविर को सफल बनाने में महारानी अस्पताल रक्तदान टीम का विशेष योगदान रहा। चिकित्सकीय टीम ने विद्यार्थियों को रक्तदान के लाभ, सावधानियां और मानव जीवन में इसके महत्व की विस्तृत जानकारी दी। विशेषज्ञों ने बताया कि एक यूनिट रक्त कई जरूरतमंद मरीजों का जीवन बचा सकता है। डॉ. जी. पी. नाग ने घोषणा की कि आगामी सेमेस्टर में पुनः रक्तदान शिविर आयोजित किया जाएगा, जिसमें 100 यूनिट से अधिक रक्त संग्रह करने का लक्ष्य रखा गया है। इसके साथ ही स्वास्थ्य परीक्षण एवं जागरूकता कार्यक्रम भी आयोजित किए जाएंगे, ताकि युवाओं में सामाजिक सेवा और स्वास्थ्य चेतना को और मजबूत किया जा सके। महाविद्यालय प्रशासन ने सभी रक्तदाताओं, चिकित्सकीय टीम और एनएसएस स्वयंसेवकों को धन्यवाद दिया। सुधीर जैन/चंद्राकर/14 मई 2026