क्षेत्रीय
14-May-2026


उपार्जन कार्य में अनियमितता पर दो समितियों एवं वेयरहाउस को ब्लैकलिस्ट करने की कार्रवाई की गई प्रस्तावित नर्मदापुरम (ईएमएस)। कलेक्टर सोमेश मिश्रा के मार्गदर्शन में नर्मदापुरम जिले में समर्थन मूल्य पर गेहूं उपार्जन का कार्य सुचारू रूप से जारी है। जिले में अब तक 42 हजार 743 से अधिक कृषकों से 3 लाख 81 हजार 567 मीट्रिक टन गेहूं का सफलतापूर्वक उपार्जन किया जा चुका है। खरीदी गई स्कंध मात्रा के विरुद्ध 3 लाख 65 हजार 800 मीट्रिक टन स्कंध का आर-2-टी किया जा चुका है। इसके साथ ही 2 लाख 98 हजार 994 मीट्रिक टन स्कंध के स्वीकृति पत्रक भी तैयार किए जा चुके हैं। गत वर्ष संपूर्ण उपार्जन अवधि में 35 हजार 293 कृषकों से 3 लाख 83 हजार 022 मीट्रिक टन गेहूं की खरीदी की गई थी। वर्तमान वर्ष में अब तक गत वर्ष की तुलना में 7 हजार 450 अधिक किसानों द्वारा गेहूं का विक्रय किया जा चुका है। जिले में 132 पंजीयन केंद्रों के माध्यम से 73 हजार 296 किसानों का पंजीयन किया गया है। वहीं आज दिनांक तक 62 हजार 391 स्लॉट किसानों द्वारा बुक किए जा चुके हैं। किसानों को सुविधाजनक एवं व्यवस्थित खरीदी व्यवस्था उपलब्ध कराने के उद्देश्य से जिला एवं खंड स्तरीय उपार्जन समितियों द्वारा लगातार उपार्जन केंद्रों का निरीक्षण किया जा रहा है तथा आवश्यकता अनुसार कार्रवाई भी की जा रही है। इसी क्रम में सेवा सहकारी समिति तरौन कला द्वारा संचालित समर्थन मूल्य गेहूं उपार्जन केंद्र एमजी वेयरहाउस, ग्राम बम्होरी कला पर कम तौल कांटे, स्टाकिंग कार्य अधूरा पाए जाने तथा परिसर के बाहर ट्रैक्टर-ट्रॉलियों की लंबी कतारों के कारण किसानों को हो रही परेशानियों को गंभीरता से लेते हुए संबंधित समिति एवं वेयरहाउस को ब्लैकलिस्ट करने की कार्रवाई प्रस्तावित की गई है। इसी प्रकार सेवा सहकारी समिति कोठारा के गेहूं उपार्जन केंद्र सिद्धिविनायक वेयरहाउस में 4 हजार से 5 हजार क्विंटल गेहूं बिलिंग मात्रा से अधिक देर तक रखने, बिना स्लॉट वाले किसानों का गेहूं रात्रि में अंदर करने तथा गुणवत्ता जांच के बिना वेयरहाउस में भंडारण किए जाने जैसी अनियमितताओं के कारण संबंधित उपार्जन समिति एवं वेयरहाउस के विरुद्ध ब्लैकलिस्ट करने की कार्रवाई जिला उपार्जन समिति द्वारा की जा रही है। ईएमएस / 14,मई,2026