104 उपभोक्ताओं को दिये गये 5 रुपए में नए घरेलू एवं कृषि पंप कनेक्शन नर्मदापुरम (ईएमएस)। मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव के निर्देशानुसार एवं ऊर्जा मंत्री प्रद्युम्न तोमर के मार्गदर्शन में प्रदेशभर में विद्युत विभाग द्वारा “संपर्क अभियान 2026” संचालित किया जा रहा है। नर्मदापुरम जिले में कलेक्टर सोमेश मिश्रा के निर्देशानुसार प्रत्येक क्लस्टर में अभियान का सफल शुभारंभ किया गया। अभियान के अंतर्गत जिले में विभिन्न क्लस्टरों में ग्राम पंचायत एवं तहसील स्तर पर शिविर आयोजित किए जा रहे हैं, जिनमें उपभोक्ताओं को विद्युत संबंधी समस्याओं का त्वरित समाधान उपलब्ध कराया जा रहा है। गुरुवार 14 मई को जिलेभर में कुल 25 शिविर आयोजित किए गए, जिनमें जनप्रतिनिधियों एवं वरिष्ठ अधिकारियों की उपस्थिति में उपभोक्ताओं की समस्याओं का मौके पर निराकरण किया गया। विद्युत विभाग से प्राप्त जानकारी के अनुसार शिविरों में कुल 3329 आवेदन प्राप्त हुए, जिनमें से 3086 आवेदनों का तत्काल निराकरण कर दिया गया। अभियान के दौरान 104 उपभोक्ताओं को मात्र 5 रुपए शुल्क पर नए विद्युत कनेक्शन प्रदान किए गए। अभियान के तहत ग्रामीण घरेलू एवं कृषि पंप कनेक्शन मात्र 5 रुपए में उपलब्ध कराए जा रहे हैं। इसके अलावा भार वृद्धि, नाम परिवर्तन, श्रेणी परिवर्तन, स्थायी एवं अस्थायी कनेक्शन, ई-केवाईसी, अनापत्ति प्रमाण पत्र, खराब अथवा बंद मीटर बदलना, स्मार्ट मीटर संबंधी शिकायतों का निराकरण, सर्विस केबल सुधार, वोल्टेज समस्या एवं ट्रांसफार्मर संबंधी शिकायतों के समाधान जैसी सुविधाएं भी शिविरों में उपलब्ध कराई जा रही हैं। शिविरों में बिजली बिलों का आंशिक एवं पूर्ण भुगतान, अग्रिम भुगतान पर छूट, बकाया राशि भुगतान एवं समाधान योजना सहित विभिन्न जनहितैषी योजनाओं की जानकारी एवं लाभ भी उपभोक्ताओं को प्रदान किए जा रहे हैं। विद्युत विभाग ने आमजन से अपील की है कि वे संपर्क अभियान 2026 के अंतर्गत आयोजित शिविरों में पहुंचकर विभाग द्वारा प्रदान की जा रही सुविधाओं एवं योजनाओं का अधिकतम लाभ उठाएं। अभियान संबंधी अधिक जानकारी के लिए उपभोक्ता अपने नजदीकी बिजली वितरण केंद्र/जोन अथवा टोल फ्री नंबर 1912 पर संपर्क कर सकते हैं। ईएमएस / 14,मई,2026