भोपाल(ईएमएस)। कोहेफिजा इलाके में स्थित बीएमएच अस्पताल में एक युवक की संदिग्ध हालत में मौत हो गई। युवक की पत्नी अस्तपाल में भर्ती थी, उसके लिए वह खाना लेकर पहुंचा था। अगले दिन सुबह पत्नी वार्ड से निकलकर बाहर उसने देखने गई तो पति मृत हालत में जमीन पर पड़ा हुआ था। पुलिस ने मर्ग कायम कर मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस के अनुसार, गोविंद मंडराई पिता किशोर (43) कोटरा इलाके में रहता था। वह मजदूरी करता था। उसकी पत्नी का बीएमएच अस्पताल में इलाज चल रहा था। 3 मई से वह अस्पताल में भर्ती थी। पति गोविंद 10 मई की रात उसके लिए खाना लेकर पहुंचा था और रातभर वहीं रुका था। अगले दिन सुबह पत्नी वार्ड से निकलकर उसके लिए चाय लेकर पहुंची तो गोविंद जमीन पर बेसुध हालत में पड़ा हुआ था। डॉक्टर ने चेक करने के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। इसके बाद परिजन शव लेकर घर चले गए। अगले दिन परिजनों ने कमला नगर इलाके में शव रखकर हंगामा शुरू कर दिया। कमला नगर पुलिस ने मामले को समझते हुए शव को पीएम के लिये हमीदिया अस्पताल भेज दिया और कोहेफिजा पुलिस को सूचना दे दी। पुलिस ने मर्ग कायम कर शव को पीएम के बाद परिजनों को सौंप दिया है। पुलिस का कहना है कि पीएम रिर्पोट मिलने के बाद आगे की जांच की जायेगी। जुनेद / 14 मई