राज्य
14-May-2026
...


- ‎बच्चों के भविष्य के साथ खिलवाड़ नहीं किया जा सकता है- संजय सरावगी - ‎एनडीए सरकार युवाओं के भविष्य को लेकर पूरी तरह गंभीर और प्रतिबद्ध है- संजय सरावगी पटना, (ईएमएस)। नीट परीक्षा प्रश्न पत्र लीक मामले में दिल्ली पुलिस द्वारा राजद के राष्ट्रीय सचिव को गिरफ्तार किए जाने के बाद भाजपा के बिहार प्रदेश अध्यक्ष संजय सरावगी ने राजद को निशाने पर लिया है। उन्होंने कहा कि नीट परीक्षा प्रश्न पत्र उपलब्ध करवाने और मेडिकल कॉलेज में प्रवेश दिलाने के नाम पर कथित रूप से ठगी करने वाले एक गिरोह का दिल्ली पुलिस ने भंडाफोड़ किया है। इसके सरगना राजद के ही राष्ट्रीय सचिव हैं। ‎उन्होंने कहा कि जिस व्यक्ति की गिरफ्तारी हुई है, वह राजद के राष्ट्रीय सचिव संतोष कुमार जायसवाल है और तेजस्वी यादव का करीबी बताया जाता है। उन्होंने कहा कि पहले पेपर लीक और अब एडमिशन घोटाला। यह पूरा नेटवर्क युवाओं के भविष्य से खिलवाड़ कर रहा है। उन्होंने दावा करते हुए कहा कि बच्चों के भविष्य के साथ खिलवाड़ नहीं होने दिया जाएगा। ‎उन्होंने कहा कि देश के करोड़ों युवाओं और छात्रों के भविष्य से जुड़े नीट परीक्षा के रद्द होने के मामले में जिस तरह से राष्ट्रीय जनता दल लगातार सरकार पर बेवजह आरोप लगा रही थी, अब उसी राजद का असली चेहरा जनता के सामने आ गया है। दिल्ली पुलिस द्वारा राजद के राष्ट्रीय सचिव, को पकड़ा है जिसे तेजस्वी यादव का करीबी माना जाता है, यह साबित करता है कि राजद की राजनीति केवल आरोप लगाने और भ्रम फैलाने तक सीमित रही है, जबकि सच्चाई अब धीरे-धीरे सामने आ रही है। ‎उन्होंने कहा कि राजद शुरू से ही भ्रष्टाचार, घोटाले और व्यवस्था को कमजोर करने वाली राजनीति का प्रतीक रही है। बिहार की जनता ने वर्षों तक जंगलराज, भ्रष्टाचार और युवाओं के साथ हुए अन्याय को देखा है। आज जब देश की जांच एजेंसियां निष्पक्ष कार्रवाई कर रही हैं, तब राजद के नेताओं की संलिप्तता सामने आना यह दर्शाता है कि नीट परीक्षा पेपर लीक जैसे गंभीर मामलों में भी इन लोगों ने राजनीति और निजी लाभ को प्राथमिकता दी। ‎नीट जैसी परीक्षा को लेकर भाजपा अध्यक्ष संजय सरावगी ने कहा कि यह परीक्षा देश के लाखों मेहनती छात्रों के सपनों से जुड़ी होती है। गरीब, मध्यमवर्गीय और ग्रामीण परिवारों के बच्चे दिन-रात मेहनत कर डॉक्टर बनने का सपना देखते हैं। ऐसे में पेपर लीक जैसी घटनाएं केवल एक अपराध नहीं बल्कि युवाओं के भविष्य पर हमला है। लेकिन दुर्भाग्यपूर्ण बात यह रही कि राजद ने इस पूरे मामले को राजनीतिक हथियार बनाकर सरकार को घेरने का प्रयास किया, जबकि अब उनके अपने लोगों की भूमिका सवालों के घेरे में है। ‎एनडीए सरकार युवाओं के भविष्य को लेकर पूरी तरह गंभीर और प्रतिबद्ध है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार और बिहार की एनडीए सरकार लगातार पारदर्शी परीक्षा व्यवस्था और कड़ी कार्रवाई की नीति पर काम कर रही है। इसी प्रतिबद्धता का परिणाम है कि जांच एजेंसियां बिना किसी दबाव के कार्रवाई कर रही हैं और दोषियों को कानून के दायरे में लाया जा रहा है, चाहे वह किसी भी दल या प्रभावशाली व्यक्ति से जुड़ा क्यों न हो। ‎भाजपा प्रदेश अध्यक्ष संजय सरावगी ने कहा कि राजद को अब बिहार और देश की जनता को जवाब देना चाहिए कि इस मामले में राजद के राष्ट्रीय सचिव कैसे आरोपी निकले? युवाओं के भविष्य पर राजनीति करने वालों का सच अब सामने आ चुका है। यह स्पष्ट हो गया है कि राजद केवल बयानबाजी और भ्रम फैलाने की राजनीति करती रही है, जबकि एनडीए सरकार कार्रवाई और समाधान की राजनीति में विश्वास रखती है। ‎उन्होंने साफ लहजे में कहा कि सरकार किसी भी कीमत पर बच्चों और युवाओं के भविष्य के साथ खिलवाड़ नहीं होने देगी। पेपर लीक माफियाओं, भ्रष्ट तत्वों और शिक्षा व्यवस्था को नुकसान पहुंचाने वालों के खिलाफ कठोरतम कार्रवाई जारी रहेगी। देश और बिहार के युवाओं का विश्वास बनाए रखना सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है। संतोष झा- १४ मई/२०२६/ईएमएस