भोपाल(ईएमएस)। बागसेवनिया थाना इलाके में स्थित कलारी के पास अपने साथियों के साथ बैठे दो युवकों के सिर पर आरोपियो ने हॉकी से वार कर घायल कर दिया। बताया गया है कि पीड़ितों का आरोपियो के साथ गाली-गलौज करने को लेकर कहासुनी हो गई थी। बाद में आरोपी ने फोन कर अपने साथियों को बुलाकर मारपीट कर दी। पुलिस का कहना है कि हमले में तीन आरोपी युवकों के शामिल होने की जानकारी मिली है। पुलिस के अनुसार बागमुगालिया में रहने वाले अनिकेत बाठोरे पिता प्रकाश बाठोरे (25) ने अपनी शिकायत में बताया की वह निजी वाहन चलाता है। 11 मई की रात लगभग करीब 11 बजे वह अपने दोस्त दीपक वाल्मिक के साथ बागमुगालिया कलारी के पास पुलिया पर बैठा हुआ था। उसी समय आशिमा मॉल की और से पैदल आ रहे लड़कों ने उनके साथ गाली-गलौज शुरु कर दी। एक आरोपी ने फोन लगाकर अपने दोस्तों को बुलाया उसने साथी को बुलाने के लिये फोन पर बातचीत के दौरान अपना नाम निखिल बताया था। इसके बाद उसके साथी हॉकी और डंडा लेकर आए और पुलिया पर बैठे दीपक वाल्मिक पर निखिल ने हॉकी से सिर पर वार किया। जबकि दूसरे आरोपी आकाश गायकवाड़ ने पीड़ित के दूसरे दोस्त आकाश नायक के सिर पर वार किया। हमलावरों में शामिल तीसरे आरोपी का नाम प्रेम केदार सामने आया है। वारदात के बाद आरोपी धमकी देते हुए फरार हो गए। बाद में शिकायत मिलने पर पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ प्रकरण दर्ज कर उनकी गिरफ्तारी के प्रयास शुरु कर दिये है। जुनेद / 14 मई