14-May-2026
...


बालाघाट (ईएमएस). ग्रीष्मकालीन मौसम में खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता एवं स्वच्छता सुनिश्चित करने के उद्देश्य से खाद्य सुरक्षा प्रशासन विभाग बालाघाट द्वारा जिले में विशेष जांच अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में विभागीय टीम ने बालाघाट शहर एवं वारासिवनी क्षेत्र में विभिन्न प्रतिष्ठानों का निरीक्षण कर खाद्य पदार्थों के नमूने लिए। कार्रवाई के दौरान बालाघाट के हनुमान चौक, काली पुतली एवं मेन रोड स्थित सांवरिया आइसक्रीम कुल्फी सेंटर की जांच की गई। यहां से लस्सी, बादाम शेक एवं फालूदा के नमूने जांच हेतु संग्रहित किए गए। निरीक्षण के दौरान संचालकों को साफ-सुथरी खाद्य सामग्री विक्रय करने तथा खाद्य लाइसेंस एवं रजिस्ट्रेशन के साथ ही कारोबार संचालित करने के निर्देश दिए गए। इसके अलावा श्याम मॉल स्थित आम का रस सेंटर की भी जांच की गई, जहां से आम का रस एवं दूध के नमूने लिए गए। वहीं वारासिवनी में कृष्ण लस्सी एवं आइसक्रीम तथा भैरवनाथ आइसक्रीम एवं कुल्फी सेंटर का निरीक्षण कर बादाम शेक, लस्सी सहित अन्य खाद्य पदार्थों के नमूने जांच के लिए एकत्रित किए गए। विभाग द्वारा कुल 10 नमूने लेकर राज्य खाद्य प्रयोगशाला भोपाल भेजे गए हैं, जहां उनकी गुणवत्ता एवं शुद्धता की जांच की जाएगी। इसी कड़ी में चलित खाद्य प्रयोगशाला द्वारा कटंगी स्थित चौपाटी क्षेत्र में जागरूकता कार्यक्रम भी आयोजित किया गया। इस दौरान विभिन्न फास्ट फूड, चाइनीज, पिज्जा, बर्गर आदि खाद्य पदार्थों के 25 नमूनों का स्पॉट परीक्षण किया गया तथा दुकानदारों एवं नागरिकों को स्वच्छ एवं सुरक्षित खाद्य पदार्थों के महत्व के बारे में जानकारी दी गई। खाद्य सुरक्षा प्रशासन विभाग ने बताया कि जिले में मिलावट पर अंकुश लगाने एवं आम नागरिकों को स्वच्छ एवं गुणवत्तायुक्त खाद्य पदार्थ उपलब्ध कराने के उद्देश्य से इस प्रकार की कार्रवाई निरंतर जारी रहेगी। भानेश साकुरे /14 मई 2026