इन्दौर (ईएमएस) नशेड़ियों और नशे के सौदागरों के खिलाफ चलाए जा रहे पुलिस के अभियान के तहत पुलिस ने कार्रवाई करते आईटी पार्क से तीन युवकों को गिरफ्तार कर उनके पास से करीब 11.93 ग्राम ब्राउन शुगर बरामद की है, जिसकी कीमत लगभग 1.20 लाख रुपए बताई जा रही है। पुलिस ने सप्लाई में इस्तेमाल बाइक क्रमांक एमपी 09 वीएक्स 7401 ही जब्त की है। पुलिस के अनुसार आईटी पार्क के पास पहुंचीं पुलिस टीम को देखकर एक बाइक पर सवार तीन युवक भागने लगे। घेराबंदी कर उन्हें पकड़ा गया और तलाशी लेने पर उनके पास से ब्राउन शुगर मिली। पकड़े गए आरोपियों के नाम विवेक साल्वी पिता यशवंत साल्वी उम्र बावीस साल निवासी राजनगर, हार्दिक चौहान पिता शंकरसिंह चौहान उम्र बावीस साल निवासी नगीन नगर और विजय नरिया पिता मुकेश नरिया उम्र उन्नीस साल निवासी भोलेनाथ कॉलोनी एरोड्रम रोड हैं। पूछताछ में आरोपियों ने ब्राउन शुगर बेचना कबूला और खुद को भी नशे का आदी होना बताया हैं। उन्होंने बताया कि उन पर बहुत कर्ज हो गया था कर्ज चुकाने के लिए मादक पदार्थ की सप्लाई कर रहे थे। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट में केस दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी है। आनंद पुरोहित/ 14 मई 2026