राष्ट्रीय
14-May-2026


नई दिल्ली (ईएमएस)। मध्य पूर्व में बढ़ते तनाव के बीच भारत से जुड़ा एक बड़ा समुद्री घटनाक्रम सामने आया है। अरब सागर के रणनीतिक जलमार्ग में ओमान के तट के पास भारतीय ध्वज वाले एक मालवाहक जहाज पर संदिग्ध विस्फोटक हमले के बाद जहाज समुद्र में डूब गया। राहत की बात यह रही कि जहाज पर सवार सभी 14 भारतीय नाविकों को सुरक्षित बचा लिया गया है। जानकारी के अनुसार हाजी अली नाम का यह मालवाहक जहाज गुजरात के देवभूमि द्वारका जिले के सलाया बंदरगाह में पंजीकृत था। यह पोत सोमालिया से शारजाह की ओर जा रहा था, तभी बुधवार तड़के करीब 3:30 बजे ओमान के उत्तरी तट के पास उस पर संदिग्ध ड्रोन या मिसाइल जैसा हमला हुआ। विस्फोट के बाद जहाज में आग लग गई और कुछ ही देर में वह समुद्र में समा गया। भारत के विदेश मंत्रालय ने इस हमले को “अस्वीकार्य” बताते हुए कड़ी प्रतिक्रिया दी है। मंत्रालय ने कहा कि व्यावसायिक जहाजों और नागरिक नाविकों को निशाना बनाना गंभीर चिंता का विषय है और अंतरराष्ट्रीय समुद्री मार्गों की सुरक्षा सुनिश्चित की जानी चाहिए। मंत्रालय ने ओमान प्रशासन को बचाव अभियान के लिए धन्यवाद भी दिया। यह घटना ऐसे समय हुई है जब ईरान के विदेश मंत्री भारत दौरे पर हैं और ब्रिक्स देशों के विदेश मंत्रियों की बैठक के लिए नई दिल्ली पहुंचे हैं। इस घटनाक्रम ने क्षेत्रीय सुरक्षा और समुद्री व्यापार को लेकर नई चिंता खड़ी कर दी है। सुबोध/१४-०५-२०२६