बलरामपुर(ईएमएस)। जिले में फर्जी निवास प्रमाण पत्र के आधार पर सीआरपीएफ में नौकरी हासिल करने का मामला सामने आया है। पुलिस ने इस मामले में एक आरक्षक को गिरफ्तार किया है, जिसने कूटरचित दस्तावेजों के जरिए स्थानीय निवासी प्रमाण पत्र बनवाकर भर्ती प्रक्रिया में धोखाधड़ी की थी। जानकारी के अनुसार, तहसीलदार की शिकायत पर बलरामपुर कोतवाली पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की थी। जांच के दौरान खुलासा हुआ कि आरोपी ने फर्जी दस्तावेजों के आधार पर 204 कोबरा बटालियन, सीआरपीएफ में आरक्षक के पद पर भर्ती प्राप्त की थी। मामले के उजागर होने के बाद आरोपी को सेवा से बर्खास्त कर दिया गया। इसके बाद बलरामपुर पुलिस ने कार्रवाई करते हुए आरोपी को जगदलपुर से गिरफ्तार किया। पुलिस अधिकारियों के मुताबिक, प्रारंभिक जांच में फर्जी निवास प्रमाण पत्र बनवाने और उसका उपयोग कर सरकारी नौकरी हासिल करने की पुष्टि हुई है। इस मामले में अन्य लोगों की संलिप्तता की भी जांच की जा रही है और पुलिस ने संकेत दिए हैं कि आगे और गिरफ्तारियां हो सकती हैं। फिलहाल आरोपी से पूछताछ जारी है और पूरे फर्जीवाड़े के नेटवर्क को खंगालने का प्रयास किया जा रहा है। सत्यप्रकाश(ईएमएस)15 मई 2026