- एक महिला और दो पुरुषों के शव की शिनाख्त में जुटी पुलिस - हत्या या दुर्घटना की आशंका रायबरेली (ईएमएस)। उत्तर प्रदेश के रायबरेली जिले में बछरावां थाना क्षेत्र के अंतर्गत हरदोई गांव के पास शारदा नहर में शुक्रवार को उस वक्त हड़कंप मच गया, जब ग्रामीणों ने पानी में तीन शवों को उतराते हुए देखा। एक साथ एक महिला और दो पुरुषों के शव मिलने की खबर जंगल की आग की तरह पूरे इलाके में फैल गई, जिसके बाद मौके पर स्थानीय लोगों की भारी भीड़ जमा हो गई। सूचना पाकर बछरावां और शिवगढ़ थाने की पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची और गोताखोरों व स्थानीय लोगों की मदद से कड़ी मशक्कत के बाद तीनों शवों को नहर से बाहर निकाला। प्रारंभिक जांच के अनुसार, तीनों शव अर्धनग्न अवस्था में पाए गए हैं और उनकी स्थिति को देखकर प्रतीत होता है कि वे काफी पुराने हैं। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुमान के मुताबिक, एक मृतक पुरुष की उम्र करीब 50 वर्ष, दूसरे की 40 वर्ष और महिला की आयु लगभग 35 वर्ष के आसपास है। पुलिस ने घटनास्थल पर मौजूद लोगों से शिनाख्त कराने का प्रयास किया, लेकिन सफलता नहीं मिली। शवों की स्थिति बिगड़ने के कारण उनकी पहचान करना मुश्किल हो रहा था, जिसके बाद पुलिस ने पंचनामा भरकर उन्हें पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। घटना की गंभीरता को देखते हुए अपर पुलिस अधीक्षक आलोक सिंह भी मौके पर पहुंचे और जांच का जायजा लिया। बछरावां थानाध्यक्ष श्याम कुमार पाल ने बताया कि शव करीब 10 दिन पुराने लग रहे हैं। पुलिस अब आसपास के जिलों और थानों से संपर्क कर रही है ताकि हाल के दिनों में दर्ज हुई गुमशुदगी की रिपोर्टों के आधार पर मृतकों की पहचान की जा सके। एक साथ तीन अज्ञात शवों का मिलना इलाके में गहरी चिंता का विषय बना हुआ है; जहाँ कुछ लोग इसे दुर्घटना मान रहे हैं, वहीं ग्रामीण इसके पीछे किसी बड़ी आपराधिक साजिश या सामूहिक हत्या की आशंका जता रहे हैं। फिलहाल, पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार किया जा रहा है, जिससे मौत के सटीक समय और कारणों का खुलासा हो सके। रामयश/ईएमएस 15 मई 2026