मीर्जापुर (ईएमएस)। लखनऊ नीट परीक्षा पेपर लीक मामले को लेकर आज प्रदेश कांग्रेस कार्यालय, लखनऊ में उत्तर प्रदेश युवा कांग्रेस मध्य जोन के कार्यवाहक अध्यक्ष श्री अंकित तिवारी एवं भारतीय राष्ट्रीय छात्र संगठन (एनएसयूआई) मध्य जोन के अध्यक्ष श्री अनस रहमान ने संयुक्त रूप से प्रेसवार्ता कर भारतीय जनता पार्टी एवं नेशनल टेस्टिंग एजेंसी (NTA) की कथित मिलीभगत का गंभीर आरोप लगाते हुए उसका पर्दाफाश किया। प्रेसवार्ता को संबोधित करते हुए वक्ताओं ने कहा कि नीट परीक्षा में हुए पेपर लीक ने देश के लाखों करोड़ों मेहनतकश छात्र छात्राओं एवं अभिभावकों के विश्वास और मनोबल को पूरी तरह से तोड़ दिया है। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा सरकार के संरक्षण में (NTA) लगातार परीक्षा व्यवस्थाओं में विफल साबित हो रही है, जिसके कारण छात्र छात्राओं का भविष्य अंधकारमय हो रहा है।प्रेस वार्ता को सम्बोधित करते हुए उत्तर प्रदेश युवा कांग्रेस (मध्य जोन) के कार्य0 अध्यक्ष श्री अंकित तिवारी ने कहा कि वर्तमान में जो भाजपा की डबल इंजन की सरकार है वह अब डबल इंजन की सरकार नहीं रह गयी है, बल्कि पेपर लीक उद्योग बन गया है। अब तक बीते 10 वर्षों में 80 से ज्यादा प्रतियोगी परीक्षाओं के पेपर लीक हो चुके हैं चाहे वह पुलिस भर्ती हो, लेखपाल भर्ती, पुलिस भर्ती रही हो या फिर अभी 2 दिन पूर्व नीट परीक्षा का पेपर रहा हो, देश का युवा दिन-रात मेहनत कर प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी करता है, लेकिन भाजपा सरकार की भ्रष्ट व्यवस्था के कारण पेपर माफियाओं को खुला संरक्षण प्राप्त जिससे परीक्षा में केवल गड़बड़ी ही नहीं बल्कि युवाओं के भविष्य के साथ खिलवाड़ किया जा रहा है। लगातार पेपर लीक होने से छात्र/छात्राओं तथा उनके अभिभावकों का सपना पूरी तरह से टूट चुका है। भारतीय राष्ट्रीय छात्र संगठन (एनएसयूआई) मध्य जोन के अध्यक्ष श्री अनस रहमान ने कहा कि (NTA) पूरी तरह अपनी विश्वसनीयता खो चुकी है तथा केंद्र सरकार इस मुद्दे पर जवाब देने से बच रही है। उन्होंने मांग की कि नीट पेपर लीक मामले की निष्पक्ष एवं उच्चस्तरीय जांच कर दोषियों के विरुद्ध कठोर कार्रवाई की जाए तथा छात्रों को न्याय दिलाया जाए।प्रेसवार्ता में कांग्रेस नेताओं ने भाजपा सरकार से शिक्षा मंत्री धर्मेन्द्र प्रधान के इस्तीफे के साथ-साथ (NTA) को तत्काल प्रभाव से बैन करने तथा एक नई एजेंसी गठित करने की मांग की है ताकि परीक्षा प्रणाली को पारदर्शी एवं सुरक्षित बनाया जा सके और देश के युवाओं का भविष्य सुरक्षित तथा अभिभावकों का सपना साकार हो सके।वक्ताओं ने कहा कि युवाओं और छात्र छात्राओं के हितों को देखते हुए कांग्रेस सदैव ही संघर्षरत रही है। इसी क्रम में नीट पेपर लीक मामले को लेकर उत्तर प्रदेश युवा कांग्रेस तथा (एनएसयूआई) के संयुक्त तत्वाधान में कल देश के शिक्ष मंत्री धर्मेन्द्र प्रधान का पुतला फूंक कर विरोध दर्ज कराया जाएगा, और यदि सरकार छात्रों के हितों के प्रति रक्षा करने में विफल रहती है तो आने वाले समय में यह संघर्ष और अधिक वृहद रूप लेगा। युवा कांग्रेस एवं एनएसयूआई के कार्यकर्ता सड़कों पर उतर कर आंदोलन करने को बाध्य होंगे। प्रेस वार्ता के पश्चात समाजवादी छात्र सभा के नगर अध्यक्ष रहे श्री श्रेयस राय अपने समर्थकों के साथ एनएसयूआई के प्रदेश अध्यक्ष श्री अनस रहमान की मौजूदगी में कांग्रेस पार्टी में शामिल हुए।प्रेस वार्ता में नेशनल कोऑर्डिनेटर प्रिंस प्रकाश, प्रदेश जिला अध्यक्ष अखिलेश यादव, एनएसयूआई के प्रदेश उपाध्यक्ष अहमद रजा खान, प्रदेश सचिव मो0 नईम खान, गौरव शुक्ला, स्वप्निल चौरसिया, नीरज सिंह, दीपक पाण्डेय आदि प्रमुख रूप से मौजूद रहे। उक्त समाचार कवरेज हमारे यूपी स्टेट ब्यूरो प्रमुख शशि भूषण दूबे कंचनीय द्वारा किया गया है। शशि भूषण दूबे / 15 मई /2026