- मुठभेड़ के बाद धरा गया अपहरणकर्ता शाहरुख मुजफ्फरनगर (ईएमएस)। उत्तर प्रदेश के मुजफ्फरनगर जिले में पुलिस ने एक बड़ी कार्रवाई करते हुए नाबालिग हिंदू युवती का अपहरण कर धर्मांतरण और निकाह की कोशिश करने वाले आरोपी मोनू उर्फ शाहरुख को मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया है। घटना की शुरुआत तब हुई जब नई मंडी कोतवाली क्षेत्र के मखियाली गांव के एक व्यक्ति ने शिकायत दर्ज कराई कि उसकी नाबालिग भतीजी को दूसरे धर्म का युवक बहला-फुसलाकर भगा ले गया है। पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए तत्काल अपहरण और उत्तर प्रदेश विधि विरुद्ध धर्म संपरिवर्तन प्रतिषेध अधिनियम की धाराओं में मुकदमा दर्ज कर टीमों का गठन किया। पुलिस की सक्रियता और घेराबंदी के दबाव में आरोपी नाबालिग युवती को भोपा पुल के पास छोड़कर भागने की फिराक में था, लेकिन पुलिस ने मात्र दो घंटे के भीतर युवती को सकुशल बरामद कर लिया। पूछताछ में युवती ने पुष्टि की कि आरोपी उस पर धर्मांतरण और शादी का दबाव बना रहा था। इसके बाद पुलिस ने मुखबिर की सूचना पर सहावली गांव के पास कच्चे रास्ते पर छिपे आरोपी को पकड़ने का प्रयास किया। खुद को घिरता देख आरोपी ने पुलिस टीम पर जान से मारने की नीयत से फायरिंग कर दी। पुलिस द्वारा आत्मरक्षा में की गई जवाबी कार्रवाई में आरोपी के पैर में गोली लगी और वह घायल हो गया। गिरफ्तारी के बाद अस्पताल ले जाते समय आरोपी हाथ जोड़कर माफी मांगते हुए भविष्य में ऐसा न करने की गुहार लगाता नजर आया। पुलिस ने मौके से एक अवैध तमंचा (315 बोर), जिंदा कारतूस और कुछ नकदी बरामद की है। क्षेत्राधिकारी नई मंडी राजू कुमार साव ने बताया कि आरोपी मखियाली में एक कोल्हू पर काम करता था और वहीं से उसने नाबालिग को अपने जाल में फंसाया था। फिलहाल घायल अभियुक्त का जिला अस्पताल में उपचार कराया जा रहा है और पुलिस आगे की वैधानिक कार्रवाई में जुटी है। इस त्वरित कार्रवाई से क्षेत्र में पुलिस की तत्परता की सराहना हो रही है। रामयश/ईएमएस 15 मई 2026