15-May-2026
...


कांकेर(ईएमएस)। जिले में पुलिस ने नकली नोट छापने वाले एक गिरोह का बड़ा खुलासा किया है। कोतवाली थाना क्षेत्र में की गई कार्रवाई के दौरान पुलिस ने करीब साढ़े 6 लाख रुपये के नकली नोट बरामद करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। जानकारी के अनुसार, पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि नया बस स्टैंड क्षेत्र में एक युवक बड़ी मात्रा में नकली नोट लेकर घूम रहा है। सूचना के आधार पर पुलिस ने घेराबंदी कर आरोपी को पकड़ लिया। तलाशी के दौरान उसके पास से 500-500 रुपये के नकली नोट बड़ी संख्या में मिले। पुलिस पूछताछ में आरोपी ने स्वीकार किया कि वह अपने घर में प्रिंटर और अन्य उपकरणों की मदद से नकली नोट छापता था। आरोपी ने बताया कि वह कर्ज में डूबा हुआ था और जल्दी पैसे कमाने के लिए उसने यह अवैध तरीका अपनाया। इसके बाद पुलिस ने आरोपी के घर पर छापा मारकर नकली नोट छापने में इस्तेमाल किए गए उपकरण भी जब्त कर लिए हैं। फिलहाल पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है और यह जांच कर रही है कि वह अकेले इस काम को अंजाम दे रहा था या उसके साथ कोई अन्य लोग भी शामिल हैं। मामले की जांच जारी है। ईएमएस(राकेश गुप्ता)15 मई 2026