क्षेत्रीय
15-May-2026
...


रायपुर (ईएमएस)। छत्तीसगढ़ प्रशासन अकादमी निमोरा में आयोजित लोक सेवा आयोग से चयनित डिप्टी कलेक्टर्स के “परिचयात्मक प्रशिक्षण कार्यक्रम” के तहत प्रशिक्षणार्थियों का थाना कोतवाली का शैक्षणिक भ्रमण कराया गया। इस दौरान उन्हें पुलिस प्रशासन एवं कार्यपालिक मजिस्ट्रेट के बीच समन्वय, कानून-व्यवस्था संबंधी कार्यवाही तथा न्यायालयीन प्रक्रियाओं की विस्तृत जानकारी दी गई। प्रशिक्षण कार्यक्रम में अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त रायपुर कमिश्नरेट डॉ. अर्चना झा ने प्रशिक्षणार्थियों को पुलिस एवं कार्यपालिक मजिस्ट्रेट के मध्य समन्वय, एसडीएम के दायित्व, कानून-व्यवस्था बनाए रखने में प्रशासनिक भूमिका तथा प्रतिबंधात्मक कार्यवाहियों से जुड़े विषयों पर प्रशिक्षण प्रदान किया। थाना भ्रमण में प्रशिक्षणार्थी डिप्टी कलेक्टर्स राजेश्वर वर्मा, सुश्री निधि प्रधान, सुश्री नंदनी साहू, गौरव चंदेल, रमेश दीवान, लवकेश्वर यादव एवं सत्येंद्र कुमार बजाज शामिल हुए। भ्रमण के दौरान एसीपी कोतवाली दीपक मिश्रा एवं थाना प्रभारी निरीक्षक सतीश सिंह गहरवार ने प्रशिक्षणार्थियों को थाना कोतवाली की कार्यप्रणाली, अपराध पंजीयन प्रक्रिया, रोजनामचा संधारण, बेसिक रजिस्टर, CCTNS प्रणाली, पुलिसिंग के दैनिक संचालन एवं कानून-व्यवस्था संबंधी कार्यों की जानकारी दी। इसके अलावा प्रशिक्षणार्थियों को थाना परिसर की विभिन्न शाखाओं, अभिलेखों एवं दस्तावेजों का अवलोकन कराया गया तथा विशेष कार्यपालिक मजिस्ट्रेट कोतवाली न्यायालय का भ्रमण कराते हुए न्यायालयीन एवं प्रशासनिक प्रक्रियाओं की जानकारी भी दी गई। इस दौरान पुलिस एवं राजस्व प्रशासन के समन्वयात्मक कार्यों को लेकर प्रशिक्षणार्थियों की जिज्ञासाओं का अधिकारियों ने विस्तारपूर्वक समाधान किया। सत्यप्रकाश/चंद्राकर/15 मई 2026