बुरहानपुर (ईएमएस)। शहर में गहराते पेयजल संकट को लेकर कांग्रेस ने नगर निगम कार्यालय का घेराव कर मटका फोड़ प्रदर्शन किया। शहर के कई वार्डों में पानी नहीं पहुंचने से आमजन परेशान हैं। गर्मी बढ़ने के साथ हालात और गंभीर हो गए हैं। कांग्रेस शहर अध्यक्ष रिंकू टॉक ने कहा कि करोड़ों रुपए की लागत से शुरू की गई JMC जल वितरण कम्पनी पूरी तरह विफल साबित हो रही है। वर्ष 2050 तक शुद्ध जल की कमी नहीं होने के दावे किए गए थे, लेकिन आज योजना का काम पूरा होने के पूर्व ही नागरिक बूंद-बूंद पानी के लिए परेशान हैं। महिलाओं, बुजुर्गों और बच्चों को दूर से पानी लाना पड़ रहा है।उन्होंने आरोप लगाया कि कुछ क्षेत्रों में पर्याप्त से अधिक पानी सप्लाई हो रहा है, जबकि कई वार्डों में कई दिनों तक पानी नहीं पहुंच रहा। यह व्यवस्था में भेदभाव और प्रशासनिक सफलता और लापरवाही को दर्शाता है। कांग्रेस जिला मीडिया प्रभारी तफज्जुल हुसैन मुलायम वाला ने बताया कि पेयजल संकट और जल वितरण में अनियमितता के विरोध में कांग्रेस जिला अध्यक्ष रिंकू टोंक के नेतृत्व में कांग्रेस ने नगर निगम का घेराव कर मटका फोड़ प्रदर्शन किया। कांग्रेस ने मांग की कि सभी वार्डों में समान जल आपूर्ति सुनिश्चित की जाए, जिन क्षेत्रों में पानी नहीं पहुंच रहा वहां तत्काल टैंकर भेजे जाएं, पुरानी जल वितरण व्यवस्था उतावली सहित सभी जल स्रोतों को चालू किया जाए और जल वितरण व्यवस्था की जाए कांग्रेस ने चेतावनी दी है कि यदि शीघ्र समाधान नहीं हुआ तो जनता के साथ मिलकर उग्र आंदोलन किया जाएगा। प्रदर्शन के दौरान पूर्व विधायक हामिद काज़ी, कांग्रेस प्रदेश महासचिव अजय रघुवंशी सहित कांग्रेसी पार्षद कार्यकर्ता मौजूद रहे। अकील आजाद/15/05/2026