कोलकाता,(ईएमएस)। अखिल भारतीय तृणमूल कांग्रेस (टीएमसी) ने हाल ही में हुई ईंधन मूल्य वृद्धि को लेकर भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) पर जोरदार हमला बोला। टीएमसी ने आरोप लगाया कि पश्चिम बंगाल में नई सरकार के तहत चुनाव के दौरान किए गए वादे तोड़े जा रहे हैं। टीएमसी पार्टी ने पोस्ट में भाजपा के पश्चिम बंगाल नेतृत्व, विशेषकर शुभेंदु अधिकारी पर निशाना साधा। पोस्ट में सीधे सवाल किया गया, क्या हुआ, तेरा वादा??! टीएमसी ने सीएम अधिकारी पर बंगाल की जनता से किए गए वादों से मुकरने का आरोप लगाकर कहा, क्या अब कार्रवाई का समय नहीं आ गया है? टीएमसी ने दिल्ली और कोलकाता में पेट्रोल और डीजल की बढ़ती कीमतों की तुलना कर शासन की विफलता बताया और भाजपा के शासन मॉडल पर डबल इंजन, डबल जुमला का कटाक्ष किया। टीएमसी पार्टी के अनुसार, दिल्ली में पेट्रोल 97.77 रुपये और कोलकाता में 108.74 रुपये प्रति लीटर हुआ है, जबकि डीजल दिल्ली में 90.67 रुपये और कोलकाता में 95.13 रुपये प्रति लीटर है। यह बढ़ोतरी शुक्रवार को देशभर में पेट्रोल और डीजल की कीमतों में 3 रुपये प्रति लीटर की वृद्धि के बाद हुई है। नई दिल्ली में पेट्रोल की कीमत 94.77 रुपये से बढ़कर 97.77 रुपये प्रति लीटर हो गई, जबकि डीजल की कीमत 87.67 रुपये से बढ़कर 90.67 रुपये प्रति लीटर हो गई। यह वृद्धि पश्चिम एशिया में चल रहे संघर्ष के कारण वैश्विक ऊर्जा संकट को लेकर बढ़ती चिंताओं के बीच आई है। भू-राजनीतिक तनाव, विशेष रूप से अमेरिका-इजराइल और ईरान के बीच 28 फरवरी को शुरू हुए संघर्ष ने वैश्विक कच्चे तेल की आपूर्ति को बाधित कर दिया है और ब्रेंट क्रूड की कीमतें 100 डॉलर प्रति बैरल से ऊपर पहुंच गई हैं। दुनिया के सबसे महत्वपूर्ण समुद्री तेल व्यापार मार्गों में से एक, होर्मुज जलडमरूमध्य के पास व्यवधान और नाकाबंदी ने स्थिति को और भी गंभीर बना दिया है। हालांकि वैश्विक कच्चे तेल की बढ़ती कीमतों के बावजूद, केंद्र सरकार का कहना है कि भारत के पास पर्याप्त ईंधन भंडार है और देश में पेट्रोलियम उत्पादों की कोई कमी नहीं है। आशीष दुबे / 15 मई 2026