नई दिल्ली (ईएमएस)। दिल्ली के शाहदरा जिले स्थित बिहारी कॉलोनी में उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब रेलवे लाइन के पास बने वाहन खड़े करने के स्थल पर अचानक भीषण आग भड़क उठी। आग इतनी तेजी से फैली कि वहां खड़े कई वाहन कुछ ही मिनटों में उसकी चपेट में आ गए और पूरा इलाका धुएं तथा आग की लपटों से भर गया। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार पहले एक वाहन से धुआं उठता दिखाई दिया, जिसके बाद आग ने तेजी से आसपास खड़े अन्य वाहनों को भी अपनी गिरफ्त में ले लिया। देखते ही देखते कुल 10 चारपहिया वाहन और 2 दुपहिया वाहन जलकर पूरी तरह राख हो गए। घटना के बाद आसपास मौजूद लोगों में दहशत फैल गई और बड़ी संख्या में लोग मौके पर जमा हो गए। आग नगर निगम की पार्किंग में लगी थी। सूचना मिलते ही दमकल विभाग की 4 गाड़ियां तुरंत मौके पर पहुंचीं और काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया। राहत की बात यह रही कि इस भीषण अग्निकांड में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है। हालांकि आग से लाखों रुपये की संपत्ति के नुकसान की आशंका जताई जा रही है। फिलहाल प्रशासन ने पूरे क्षेत्र को सुरक्षा घेरे में ले लिया है और आग लगने के कारणों की जांच शुरू कर दी गई है। शुरुआती तौर पर शॉर्ट सर्किट सहित कई संभावनाओं पर जांच की जा रही है। सुबोध/१५-०५-२०२६