- मुंबई मनपा के सहायक आयुक्त महेश पाटील का नाम आने से मचा हड़कंप मुंबई, (ईएमएस)। बॉलीवुड अभिनेता जावेद जाफरी की पत्नी हबीबा जाफरी के साथ 16 करोड़ रुपये से अधिक की ठगी करने का सनसनीखेज मामला सामने आया है। इस मामले में मुंबई पुलिस ने मुख्य आरोपी निशित पटेल को गिरफ्तार कर लिया है। मिली जानकारी के अनुसार, हबीबा जाफरी ने बांद्रा पश्चिम स्थित एक पुनर्विकास परियोजना में बड़ी रकम निवेश की थी। आरोप है कि आरोपियों ने उन्हें इस प्रोजेक्ट से भारी मुनाफे का भरोसा दिलाकर निवेश करने के लिए राजी किया। लेकिन निवेश के बाद न तो परियोजना पूरी हुई और न ही उनकी रकम वापस मिली। मामले का खुलासा होने के बाद हबीबा जाफरी ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई, जिसके बाद मुंबई क्राइम ब्रांच की प्रॉपर्टी सेल ने जांच शुरू की। जांच के दौरान ब्रिटिश मूल के कारोबारी निशित पटेल समेत महेश पाटील, रूपेश, सागर मेहता, देवेंद्र पडवल और अन्य आरोपियों को गिरफ्तार किया गया। पुलिस ने बताया कि आरोपियों को अदालत में पेश किया गया, जहां से उन्हें 19 मई तक पुलिस हिरासत में भेज दिया गया है। इस मामले में मुंबई महानगरपालिका के सहायक आयुक्त महेश पाटील का नाम भी सामने आने से हड़कंप मच गया है। पुलिस ने छह लोगों के खिलाफ विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज किया है और आर्थिक लेन-देन, दस्तावेजों तथा निवेश से जुड़े सबूतों की जांच की जा रही है। प्रारंभिक जांच में यह भी आशंका जताई जा रही है कि आरोपियों ने फर्जी दस्तावेज और झूठे वादों के जरिए कई निवेशकों को अपने जाल में फंसाया। सूत्रों के मुताबिक, इस परियोजना में कुछ रिटायर्ड अधिकारी, कलाकार और व्यवसायियों ने भी बड़ी रकम निवेश की थी। इस घटना के सामने आने के बाद मनोरंजन जगत में हलचल मच गई है और सोशल मीडिया पर भी इस मामले को लेकर चर्चा तेज हो गई है। पुलिस ने लोगों से अपील की है कि किसी भी बड़े निवेश से पहले सभी दस्तावेजों और संबंधित व्यक्तियों की अच्छी तरह जांच-पड़ताल जरूर करें। संजय/संतोष झा- १५ मई/२०२६/ईएमएस