राज्य
15-May-2026
...


:: निर्माण स्थलों पर बैरिकेडिंग और सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम करने को कहा; स्वच्छता व्यवस्था का भी लिया जायजा :: इंदौर (ईएमएस)। नगर निगम आयुक्त क्षितिज सिंघल ने शहर में निर्माणाधीन मास्टर प्लान की सड़कों का धरातलीय निरीक्षण कर कार्य की गुणवत्ता और प्रगति की समीक्षा की। उन्होंने स्पष्ट किया कि शहर की यातायात व्यवस्था को सुगम बनाने के लिए ये सड़कें अत्यंत महत्वपूर्ण हैं, अतः इनके निर्माण में किसी भी प्रकार की समय-सीमा की अनदेखी या लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी। आयुक्त ने संबंधित अधिकारियों और निर्माण एजेंसियों को कार्य की गति बढ़ाकर निर्धारित अवधि में प्रोजेक्ट पूर्ण करने के कड़े निर्देश दिए। शुक्रवार को किए गए इस निरीक्षण के दौरान आयुक्त ने निर्देशित किया कि निर्माण स्थलों पर आम नागरिकों की सुरक्षा से कोई समझौता न हो। उन्होंने कार्य स्थलों पर पर्याप्त बैरिकेडिंग, संकेतक बोर्ड, निर्माण कार्य प्रगति पर है के सूचना पटल और विशेष रूप से रात्रिकालीन प्रकाश व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा। आयुक्त ने होटल प्राइड से सिटी फॉरेस्ट मार्ग, जमजम चौराहा से स्टार चौराहा, खजराना मंदिर से जमजम चौराहा, सांवेर रोड से शिव शक्ति नगर एवं एमआर-4 और मालवीय नगर क्षेत्र का दौरा कर वस्तुस्थिति देखी। सड़क निर्माण के साथ ही आयुक्त ने बायपास रोड, ओमेक्स सिटी, खजराना, रिंग रोड, विजय नगर और एबी रोड सहित अन्य क्षेत्रों में सफाई व्यवस्था का भी सूक्ष्म निरीक्षण किया। क्षेत्र में सफाई व्यवस्था संतोषजनक पाई गई, हालांकि उन्होंने स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों को स्वच्छता प्रोटोकॉल के तहत निरंतर सुधार और निगरानी के निर्देश दिए। इस दौरान अपर आयुक्त अभय राजनगांवकर, कार्यपालन यंत्री पी.एस. कुशवाह, सहायक यंत्री नरेश जायसवाल सहित अन्य विभागीय अधिकारी व निर्माण एजेंसी के प्रतिनिधि उपस्थित थे। आयुक्त ने मौके पर ही अधिकारियों को निर्माण कार्य में आ रही बाधाओं को दूर करने के निर्देश भी दिए। प्रकाश/15 मई 2026