राज्य
15-May-2026
...


इन्दौर (ईएमएस) सीनियर इंटर जोन राष्ट्रीय सॉफ्टबॉल चैंपियनशिप में वेस्ट जोन की महिला टीम ने स्वर्ण पदक जीतकर अपनी श्रेष्ठता सिद्ध की, वहीं पुरुष टीम ने कड़े संघर्ष के बाद कांस्य पदक अपने नाम किया। आंध्र प्रदेश के विशाखापट्टनम में आयोजित इस प्रतियोगिता के महिला वर्ग में वेस्ट जोन का दबदबा शुरुआत से ही बना रहा। टीम ने लीग मुकाबलों में नॉर्थ जोन को 2-0, साउथ जोन को 3-0 और ईस्ट जोन को 4-0 के बड़े अंतर से हराकर फाइनल में जगह बनाई। और वहां नॉर्थ जोन को 4-2 से शिकस्त देकर ट्रॉफी अपने नाम की। टीम की जीत में मध्य प्रदेश की खिलाड़ियों का विशेष योगदान रहा। तनिष्का गौड़ को उनके बेस्ट खिलाड़ी के पुरस्कार से नवाजा गया वहीं देवास में टाउन एंड कंट्री प्लानिंग विभाग में पदस्थ पूजा पारखे का प्रदर्शन भी सराहनीय रहा। टीम को विक्रम अवार्डी कोच सविता पारखे ने प्रशिक्षित किया था। पुरुष वर्ग में भी वेस्ट जोन ने उम्दा खेल का प्रदर्शन किया हालांकि, सेमीफाइनल और कांस्य पदक के कड़े मुकाबले में नॉर्थ जोन से 1-0 की करीबी हार के बाद टीम को कांस्य पदक से संतोष करना पड़ा। टीम ने टूर्नामेंट के दौरान साउथ जोन को 4-0 और ईस्ट जोन को 2-1 से हराया था। व्यक्तिगत उपलब्धि में वेस्ट जोन के सोहेल खान को प्रतियोगिता का सर्वश्रेष्ठ खिलाड़ी चुना गया। खिलाड़ियों की इस उपलब्धि पर मध्य प्रदेश सॉफ्टबॉल संघ के अध्यक्ष रमेश मेंदोला, प्रवीण अनावकर, राजकुमार सहगल, विनोद रुणवाल, प्रदीप नारुलकर, समीर गुप्ते, चंद्रकांत सांगोले, राकेश मिश्रा, विक्रांत आखरे, रितिक पाठक, प्रवीण दवे और सुबोध चौरसिया ने हर्ष व्यक्त कर विजेता खिलाड़ियों को बधाई दी है। आनंद पुरोहित/ 15 मई 2026